Friday, 4 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

त्योहारों से पहले सिवनी में पुलिस का फ्लैग मार्च:SP नेतृत्व में प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा बढ़ाई; सीसीटीवी-सोशल मीडिया की निगरानी

INT News4 September 2026 at 09:49 am

सिवनी में आने वाले त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुवार रात पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी की अगुवाई में शहर के मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। थाना कोतवाली से शुरू हुआ फ्लैग मार्च फ्लैग मार्च की शुरुआत थाना कोतवाली से हुई। पुलिस बल बस स्टैंड, नीलांजन चौक, के.के. लॉज के सामने, छोटी मस्जिद, बड़ा जैन मंदिर, शुक्रवारी चौक, घसियारी चौक, टिग्गा मोहल्ला, पानी की टंकी, डायमंड चौक, मारुति मंदिर, दुर्गा चौक और नेहरू रोड से होते हुए नगर पालिका के सामने पहुंचा। इसके बाद पुलिस बल वापस थाना कोतवाली पहुंचा, जहां फ्लैग मार्च का समापन किया गया। धार्मिक स्थलों और भीड़ वाले इलाकों में बढ़ेगी निगरानी फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रमुख धार्मिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस लगातार पेट्रोलिंग करेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके। सीसीटीवी से नजर, सोशल मीडिया पर भी निगरानी पुलिस शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए गतिविधियों पर नजर रखेगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली पोस्ट और संदेशों की भी निगरानी की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की आपत्तिजनक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली सामग्री पोस्ट करने, फॉरवर्ड करने या लाइक करने वालों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भाईचारा बनाए रखने की अपील पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से आगामी त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने लोगों को संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह तैयार है। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग जारी रहेगी।