समाचार · मध्य प्रदेश
मडियादो में दो भालुओं की लड़ाई:वीडियो आया सामने, ग्रामीणों को देख जंगल की ओर भागे
दमोह जिले की हटा तहसील के अंतर्गत पन्ना टाइगर रिजर्व के मडियादो बफर क्षेत्र में दो भालुओं की लड़ाई का एक वीडियो शुक्रवार शाम सोशल मीडिया पर पोस्ट हो गया। ग्रामीणों ने दूर से अजीब आवाजें सुनकर मौके पर पहुंचकर इस घटना को देखा। ग्रामीणों ने बताया कि जब वे जंगली इलाके से गुजर रहे थे, तब उन्हें भालुओं के लड़ने की आवाज सुनाई दी। वे खेतों की ओर पहुंचे, जहां दो भालू आपस में लड़ रहे थे। ग्रामीणों ने इस घटना का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर साझा किया। जैसे ही ग्रामीण भालुओं के करीब गए, वे जंगल की ओर भाग गए। पहली बार कैमरे में कैद हुई लड़ाई मडियादो क्षेत्र को पन्ना टाइगर रिजर्व में शामिल किए जाने के बाद से यहां बड़ी संख्या में जंगली जानवर देखे जाते हैं। इस क्षेत्र में तेंदुओं की संख्या सबसे ज्यादा है, और वे अक्सर ग्रामीणों को दिखाई देते हैं। भालू भी यहां देखे गए हैं, लेकिन यह पहली बार है जब मडियादो बफर क्षेत्र में दो भालू एक साथ लड़ते हुए कैमरे में कैद हुए हैं। जंगली जानवरों से समृद्ध है इलाका मडियादो का यह विशाल क्षेत्र पन्ना टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है। यहां बाघों ने भी कई बार अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, जिससे यह इलाका बाघ, तेंदुआ, भालू और अन्य जंगली जानवरों से समृद्ध है।