समाचार · मध्य प्रदेश
महिला घाट पर बीच नदी में जाकर कर रहे स्नान, शुक्र... पानी कम है
भास्कर संवाददाता| सीहोर सावन माह में कुबेरेश्वरधाम में जल चढ़ाने के लिए देशभर के कई राज्यों से हर दिन हजारों की संख्या में कांवड़िए सीहोर पहुंच रहे हैं। कांवड़ में जल भरने के लिए श्रद्धालु सीवन नदी के महिला घाट पर उमड़ रहे हैं, लेकिन यहां सुरक्षा के नाम पर भारी लापरवाही सामने आ रही है। शुक्रवार को स्थिति यह रही कि घाट पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मी नहीं थे, जिससे श्रद्धालु बीच नदी में जाकर स्नान कर रहे थे। लापरवाही का आलम यह है कि पुलिस बल की गैरमौजूदगी में कांवड़िए और अन्य श्रद्धालु अपनी मर्जी से जल भर रहे हैं। कई महिला व पुरुष श्रद्धालु सुरक्षा नियमों को दरकिनार कर सीवन नदी के बीच धार में जाकर स्नान कर रहे हैं। प्रशासन ने जो रेस्क्यू बोट यहां तैनात की है, वह भी किनारे पर एक तरफ बांधी गई है। यह सही है कि इस बार सावन में कम बारिश होने के कारण सीवन नदी में हर साल की तुलना में पानी का स्तर कम है, इसके बावजूद नदी के गहरे हिस्सों में उतरना खतरे से खाली नहीं है। पुरुष घाट: व्यवस्था ठीक हो ताकि न बिगड़े व्यवस्था वर्तमान में महिला घाट बेहद छोटा पड़ने लगा है। सोमवार को जब भीड़ अधिक होगी तो इसे नियंत्रित करने और हादसों को रोकने के लिए कुछ बदलाव करना चाहिए। श्रद्धालुओं के जल लेने के लिए महिला घाट के साथ-साथ पुरुष घाट पर भी आने जाने की अच्छी व्यवस्था होना चाहिए। दोनों घाटों पर 24 घंटे पुलिसकर्मी और होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई जाए जो श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से जल लेने के लिए घाट तक भेजे।