समाचार · हरियाणा
फरीदाबाद ओल्ड अंडरपास में डूबी स्कूल बस और फॉर्च्यूनर:कार को आज निकाला जाएगा बाहर, ड्राइवर अस्पताल में भर्ती, अंडरपास आज भी बंद किए
फरीदाबाद शहर में हुई 113 एमएम बारिश ने प्रशासन की मानसून को लेकर तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के ओल्ड, ग्रीनफील्ड अंडरपास को आज भी बंद रखा गया है। ओल्ड अंडर पास में डूबी फॉर्च्यूनर कार को बाहर निकालने का काम शुरू किया जाएगा। जबकि स्कूल बस को रात को बाहर निकाल लिया गया। दोनों अंडरपास के दोनों तरफ पुलिस को तैनात किया गया है। दूसरी तरफ मौसम विभाग ने अगले 24 घंटो में जोरदार बारिश की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को हुई बारिश से फरीदाबाद के दयाल बाग,सेक्टर 16, सेक्टर 14, विनय नगर, ओल्ड में घरों के अंदर पानी भर गया। बारिश से डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे सर्विस रोड, दिल्ली-आगरा हाईवे समेत प्रमुख संपर्क मागों और विभिन्न कॉलोनियों सहित 50 से अधिक स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर डेढ़ फुट पानी सेक्टर-37 के पेट्रोल पंप के पास डीएनडी एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर करीब एक किलोमीटर तक पानी भरने से वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सर्विस रोड पर करीब डेढ़ फुट पानी होने से ऑटो-दोपहिया समेत कई वाहन पानी में बंद हो गए। जबकि कारों और अन्य वाहनों को रेंग-रेंगकर निकलना पड़ा। जलभराव के कारण कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी दिखाई दीं, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहा। अंडरपास में स्कूल बस व फॉर्च्यूनर डूबी लगातार हो रही बारिश के चलते शुक्रवार को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास में कई फीट पानी भर गया। जलभराव के कारण दोपहर व शाम के समय एक स्कूल बस और फॉर्च्यूनर कार पानी में फंस गई। गनीमत रही कि स्कूल बस में बच्चे मौजूद नहीं थे। बस चालक और कर्मचारी जान बचाने के लिए बस की छत पर चढ़ गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं शाम को पानी में फंसी फॉर्च्यूनर कार के करीब 60 वर्षीय चालक को भी पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। महराजपुर, ग्रीनफील्ड और गुरुकुल रेलवे अंडरपास में बारिश का पानी भर गया। ऐसे में यातायात पुलिस ने चारों रेलवे अंडरपास को बंदकर वाहनों की आवाजाही रोक दी। नेशनल हाईवे के मुजेसर मोड़, अजरौंदा, बल्लभगढ़ बस अड्डा के बाहर, नीलम-बीके रोड, सेक्टर-21सी, सेक्टर-21डी, सेक्टर-ए, सेक्टर-15, संजय कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, डबुआ कॉलोनी, गुरुद्वारा रोड, मैट्रो मोड़, पल्ला इस्माइलुपर रोड, इस्माइलपुर-जैतपुर रोड आदि 50 अधिक सड़कों पर दिनभर जलभराव की स्थिति बनी रही। पहले भी दो लोगों की जा चुकी है जान ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास में वर्षा के दौरान पानी भरने की समस्या नई नहीं है। 13 सितंबर 2024 को करीब 10-11 फीट पानी भरने के बाद एक एसयूवी कार अंडरपास में डूब गई थी। कार में सवार गुरुग्राम के निजी बैंक में कार्यरत मैनेजर पुण्यश्रेय शर्मा और कैशियर विराज द्विवेदी की अंदर फंसने से मौत हो गई थी। दोनों की मौत दम घुटने के कारण हुई थी। उस हादसे के बाद प्रशासन ने अंडरपास के मुहाने पर स्टील के गेट लगवाए थे, ताकि बारिश के दौरान पानी भरने पर वाहनों का प्रवेश रोका जा सके। शुक्रवार को हालात यह रहे कि फतेहपुर चंदीला की तरफ लगे गेट से पहले ही सात से आठ फीट तक पानी जमा हो गया था। इस कारण अंडरपास के बाहर तक जलभराव हो गया और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया। प्रशासन पानी निकासी का कर रहा काम FMDA के XEN ओमदत ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में पानी निकासी का काम लगातार जारी है। उन्होंने जितना अनुमान लगाया था उससे अधिक बारिश हुई है। ओल्ड अंडरपास में लोगों के द्वारा रोके जाने के बाद भी कार चालक पानी में कार को लेकर घुस गया। स्थानीय लोगों ने उसको बाहर निकाला है जिसको इलाज के भर्ती कराया गया है। शहर में जंहा भी जलभराव है उसके लिए राहत कार्य जारी है।