Saturday, 8 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

रोपड़ में रोटरी भवन में व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत

INT News8 August 2026 at 06:35 am

रोपड़| महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगारपरक कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से रोटरी रोपड़ ट्रस्ट ने रोटरी भवन में रोटरी वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर (आरवीटीसी) की शुरुआत की है। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं के लिए छह माह और तीन माह अवधि के विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। ट्रस्ट के चेयरमैन एवं प्रख्यात समाजसेवी डॉ. आरएस परमार ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण जरूरी है। इसी सोच के तहत इस प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की गई है, ताकि महिलाएं हुनर सीखकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। ट्रस्ट के सदस्य एवं केंद्र के समन्वयक डॉ. जेके शर्मा ने बताया कि केंद्र में पहला कटिंग एवं सिलाई का छह माह का प्रशिक्षण कोर्स एसओएसवीए, चंडीगढ़ के सहयोग से शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह कोर्स विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए तैयार किया गया है, जो स्वयं का रोजगार शुरू करना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण की फीस मात्र 250 रुपए प्रति माह रखी गई है। छह माह का कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने वाली प्रशिक्षार्थियों को अपना बुटीक या टेलरिंग व्यवसाय शुरू करने के लिए एक सिलाई मशीन निःशुल्क प्रदान की जाएगी। इस कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त तय की गई है। आवेदन पत्र आरवीटीसी कार्यालय से प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को सरकार की स्वयं सहायता समूह योजना के तहत आसान ऋण प्राप्त करने की सुविधा भी मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में केंद्र में हेयर एवं स्किन केयर का छह माह का कोर्स तथा बेसिक कंप्यूटर एप्लीकेशन का 15 दिन से एक माह अवधि का प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा। प्रशिक्षार्थियों की सुविधा के लिए 9872653799 और 9417431313 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। इस अवसर पर ट्रस्ट के महासचिव एडवोकेट डीएस दियोल, कोषाध्यक्ष एडवोकेट गुरप्रीत सिंह, रोटरी क्लब अध्यक्ष रोटेरियन गगन सैनी, पूर्व अध्यक्ष अमर राज सैनी तथा इंजीनियर जेके भाटिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।