Saturday, 8 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पद्म पुरस्कार 2026:अमृतसर DC ने 15 अगस्त तक मांगे ऑनलाइन नामांकन, योग्य व प्रेरणादायी लोगों को करें नामित

INT News8 August 2026 at 06:58 am

भारत सरकार ने पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे समाज और देश के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले योग्य व्यक्तियों के नाम 15 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन भेजें। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। इनके तहत पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। ये सम्मान उन लोगों को दिए जाते हैं जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में असाधारण और प्रेरणादायक कार्य कर देश और समाज का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक प्रशासन, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले योग्य व्यक्ति इन पुरस्कारों के लिए नामांकित किए जा सकते हैं। इसके साथ ही ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों के नाम भी भेजे जा सकते हैं जिन्होंने अपनी उपलब्धियों से समाज में विशेष पहचान बनाई हो। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इच्छुक व्यक्ति या किसी योग्य उम्मीदवार का नाम प्रस्तावित करने वाले लोग भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल awards.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसी पोर्टल पर नामांकन से संबंधित सभी दिशा-निर्देश, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी उपलब्ध है। 15 अगस्त अंतिम तिथि उन्होंने स्पष्ट किया कि पद्म पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन भेजने की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इसलिए इच्छुक लोग समय रहते अपने आवेदन या नामांकन अवश्य जमा करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। प्रेरणादायी लोगों को करें नामित डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने जिले के नागरिकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास ऐसे लोगों की पहचान करें, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज, मानवता या देश के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तियों को पद्म पुरस्कारों के लिए नामित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इन सम्मानों का उद्देश्य देश की उन प्रतिभाओं और सेवाभावी लोगों को सम्मान देना है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।