समाचार · मध्य प्रदेश
12 घंटे तीन फ्रॉड: ITM स्टूडेंट से 99 हजार ठगे:टेलीग्राम पर 'रील लाइक' करने का टास्क दिया, कमीशन-रिफंड का लालच देकर ठगी
ग्वालियर में साइबर ठगी के तीन मामले सामने आए हैं। ठगों ने ITM कॉलेज के 20 वर्षीय छात्र को टेलीग्राम पर रील लाइक करने के बदले कमीशन देने का झांसा देकर 99 हजार रुपए ठग लिए। वहीं, OLX पर मकान किराए पर लेने के नाम पर एक व्यक्ति से 27 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई। तीसरे मामले में एक व्यक्ति का मोबाइल फोन कॉल के दौरान हैंग हो गया और उसके क्रेडिट कार्ड से 1.96 लाख रुपए के ट्रांजैक्शन कर लिए गए। तीनों मामलों में शनिवार को पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रील लाइक करने के नाम पर छात्र से 99 हजार की ठगी रोशनी घर पावर हाउस, लश्कर निवासी और वर्तमान में नई सड़क पर रहने वाला अनुज जैन (20) ITM कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। 2 अक्टूबर को रील्स देखते समय उसके टेलीग्राम पर ‘एसले विलियमशन’ नाम की आईडी से मैसेज आया। इसमें सोशल मीडिया पोस्ट पर लाइक और कमेंट करने के बदले अच्छा कमीशन देने का लालच दिया गया। आरोपी ने कुछ उदाहरण भी भेजे, जिनमें इस काम से अच्छा मुनाफा होने का दावा किया गया था। झांसे में आकर छात्र ने आरोपी के बताए UPI खातों में अलग-अलग किस्तों में कुल 99 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। जब उसने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कहा कि खाते में 50 हजार रुपए कम हैं। उसने 50 हजार रुपए और जमा करने पर रिफंड के साथ 2 लाख रुपए देने की बात कही। इसके बाद 50 हजार रुपए ट्रांसफर होने का फर्जी स्क्रीनशॉट भी भेज दिया। छात्र ने बैंक खाता चेक किया तो रकम जमा नहीं हुई थी। इसके बाद आरोपी उस पर और पैसे भेजने का दबाव बनाने लगा। ठगी का अहसास होने पर छात्र ने साइबर पोर्टल पर शिकायत की। इसके आधार पर शनिवार को इंदरगंज थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। CISF जवान बनकर मकान किराए पर लेने का झांसा अग्रसेन पार्क के सामने रहने वाले गोपाल स्वरूप मिश्रा (48) ने विनय नगर सेक्टर-3 स्थित अपना मकान किराए पर देने के लिए OLX पर विज्ञापन डाला था। 20 अक्टूबर को उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को CISF का जवान बताया और मकान पसंद आने की बात कहकर तीन महीने का किराया यानी 27 हजार रुपए एडवांस देने की पेशकश की। इसके बाद उसने Paytm का स्कैनर कोड भेजा। आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल पर गोपाल स्वरूप को व्यस्त रखा और पैसे ट्रांसफर करने की प्रक्रिया समझाने के बहाने उनके Paytm खाते से ही 27 हजार रुपए निकलवा लिए। खाते से रकम कटने का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चला। उनकी बेटी सृष्टि मिश्रा ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शनिवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर फर्जी मोबाइल नंबर और बैंक डिटेल्स के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। कॉल आते ही हैंग हुआ मोबाइल, क्रेडिट कार्ड से 1.96 लाख निकाले न्यू किरार कॉलोनी, सागर ताल रोड निवासी राजेश सिंह किरार (44) के मुताबिक, 12 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने क्रेडिट कार्ड बिल पेमेंट के संबंध में बात शुरू की। बातचीत के दौरान ही उनका मोबाइल अचानक हैंग हो गया। कुछ देर बाद बैंक से रकम कटने के मैसेज मिले। राजेश के क्रेडिट कार्ड से 26,176.45 रुपए और 1,69,998 रुपए समेत अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 1,96,174.45 रुपए निकाल लिए गए। शिकायत के अनुसार, रकम ट्रांसफर करने के लिए जियोमार्ट और ‘रिफ्लेक्स आईडी’ का इस्तेमाल किया गया। शनिवार को इस मामले में भी केस दर्ज किया गया। पुलिस की अपील: ठगी होने पर तुरंत शिकायत करें साइबर डीएसपी मनीष यादव ने कहा कि साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहना जरूरी है। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और ऑनलाइन भुगतान से जुड़ी जानकारी साझा करने से बचें। ठगी होने पर तुरंत साइबर पोर्टल पर शिकायत करें और नजदीकी थाने की साइबर डेस्क को भी सूचना दें। तीनों मामलों की जांच की जा रही है।