Sunday, 27 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

पटना में गैरेज संचालक को गोलियों से भूना, बाइक से फरार हुए बदमाश

INT News26 September 2026 at 11:09 pm

Patna Crime News : पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर इलाके में शनिवार की देर रात बदमाशों ने नंदन ऑटोमोबाइल्स वर्कशॉप के संचालक अंजनी नंदन को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. वर्कशॉप के समीप ही पहले से घात लगाये बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस दौरान तीन गोलियां लगने से अंजनी नंदन खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गये.

काम खत्म कर घर निकल रहे थे अंजनी नंदन

बताया जाता है कि अंजनी नंदन शनिवार की देर रात अपने वर्कशॉप में काम खत्म करने के बाद घर जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान पहले से घात लगाये बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी. तीन गोलियां लगने के बाद वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. इसके बाद बदमाश उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गये.

घटनास्थल से तीन खोखे बरामद

गोलीबारी की सूचना मिलते ही रामकृष्णानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल अंजनी नंदन को कंकड़बाग स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया. घटनास्थल से तीन खोखे भी बरामद किये गये हैं. घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गयी. अंजनी नंदन के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे.

सीसीटीवी और मोबाइल खंगाल रही पुलिस

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. साथ ही परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों और बदमाशों के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस अंजनी नंदन के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़ा कोई सुराग मिल सके.

बदमाशों की पहचान में जुटी पुलिस

रामकृष्णानगर थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल अंजनी नंदन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बदमाशों के संबंध में जानकारी जुटायी जा रही है. घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है. गोली लगने के बाद अंजनी नंदन की हालत गंभीर बनी हुई थी और उनका इलाज चल रहा है.

इसे भी पढ़ें : पटना में एटीएस जवान से 5.47 लाख की ठगी, निजी काम के लिए बैंक से लिया था 11 लाख लोन