Sunday, 27 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पश्चिम बंगाल

चित्तरंजन के दो बस पड़ावों पर यात्री सुविधाओं की मांग, कर्मचारी संघ ने सौंपा ज्ञापन

INT News26 September 2026 at 11:10 pm

प्रतिनिधि, मिहिजाम : चित्तरंजन रेलनगरी के प्रवेश द्वार गेट नंबर-1 और अमलादही बाजार के समीप स्थित बस पड़ावों पर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठी है. कर्मचारी संघ ने इस संबंध में चिरेका के उपमहाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर दोनों बस पड़ावों का स्थलीय निरीक्षण कराने और यात्रियों की जरूरत के अनुसार मूलभूत सुविधाएं विकसित करने का आग्रह किया है.

धूप-बारिश में बस का इंतजार करने को मजबूर यात्री

ज्ञापन में कहा गया है कि दोनों बस पड़ावों पर प्रतिदिन सैकड़ों रेलकर्मी, उनके परिजन और आम यात्री बसों का इंतजार करते हैं. इसके बावजूद यहां यात्रियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का अभाव है. खासकर तेज धूप और बारिश के दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

कर्मचारी संघ का कहना है कि बस पड़ावों को केवल वाहनों की प्रतीक्षा करने की जगह तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए. यहां यात्रियों की जरूरत के अनुसार बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है.

शौचालय से डिजिटल डिस्प्ले तक की मांग

संघ ने ज्ञापन के माध्यम से दोनों बस पड़ावों पर स्वच्छ शौचालय और स्नानघर, पेयजल, पर्याप्त रोशनी तथा यात्रियों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था करने की मांग की है.

इसके अलावा बसों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी देने के लिए डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाने का भी आग्रह किया गया है. धूप और बारिश से यात्रियों को बचाने के लिए बेहतर यात्री शेड बनाने की मांग भी रखी गयी है.

स्थलीय निरीक्षण के बाद सुविधाएं विकसित करने का आग्रह

कर्मचारी संघ के महासचिव अनिश कुमार ने बताया कि उपमहाप्रबंधक को पत्र सौंपकर दोनों बस पड़ावों की मौजूदा स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की गयी है. उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यात्रियों की जरूरत के अनुसार जो अन्य सुविधाएं आवश्यक पायी जाएं, उन्हें भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए.

रेलकर्मियों के साथ आम यात्रियों को भी होगा लाभ

कर्मचारी संघ ने जनहित का हवाला देते हुए प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई की अपील की है. संघ का कहना है कि दोनों बस पड़ावों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार होने से रेलकर्मियों, उनके परिजनों और आम यात्रियों को रोजाना होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी.