समाचार · बिहार
बिहार में अब लड़कों को भी PhD करने पर मिलेंगे हर महीने 10000 रुपये, सरकार बना रही नया प्लान

Bihar Higher Education PhD Scheme 2026: बिहार की यूनिवर्सिटीज में पीएचडी की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए राहत की खबर है. राज्य सरकार अब रिसर्च के दौरान छात्रों को भी हर महीने रुपये देने की तैयारी कर रही है. शिक्षा विभाग के नए प्लान के अनुसार, पीएचडी कर रहे छात्रों को हर माह 10,000 रुपये दिए जाएंगे.
इस कदम का मुख्य उद्देश्य यह है कि पैसों की तंगी की वजह से किसी भी मेधावी छात्र की पढ़ाई बीच में न छूटे. अभी यह सुविधा केवल छात्राओं को मिल रही है, लेकिन अब लड़कों को भी इस दायरे में लाने की तैयारी है.
पहले से चल रही मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप
राज्य में छात्राओं के लिए यह योजना पहले से लागू की जा चुकी है:
बालिका फेलोशिप की शुरुआत: बिहार में अगस्त 2026 से मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना का संचालन किया जा रहा है.
सालाना कोटा: इस योजना के तहत हर साल लगभग एक हजार छात्राओं को इस योजना के लिए चुना जाता है.
चार साल तक मदद: चुनी गई छात्राओं को 4 साल तक हर महीने 10,000 रुपये दिए जाते हैं.
कुल सहायता राशि: इस तरह पूरी पीएचडी के दौरान छात्राओं को कुल 4.8 लाख रुपये की फेलोशिप मिलती है.
छात्रों को जोड़ने के लिए विभाग में चल रही तैयारी
पीएचडी की पढ़ाई काफी लंबी होती है और इसमें काफी खर्च भी आता है.
लोकभवन का सुझाव: कुछ दिन पहले बिहार लोकभवन ने शिक्षा विभाग को सुझाव दिया था कि इस योजना में लड़कों को भी शामिल किया जाए.
विभाग ने मानी बात: शिक्षा विभाग ने इस सुझाव को सही माना है और नई योजना बनाने पर काम शुरू कर दिया है.
नियम और शर्तें: विभाग अब यह तय कर रहा है कि छात्रों के चयन के क्या नियम होंगे और हर साल कितने छात्रों को यह पैसा मिलेगा.
जल्द होगा ऐलान: सरकार से मंजूरी मिलते ही इस योजना का आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा और फिर फॉर्म भरे जाएंगे.
रिसर्च करने में होगी आसानी
जानकारों का कहना है कि हर महीने तय पैसा मिलने से छात्रों पर घर चलाने या खर्च निकालने का दबाव नहीं रहता है. वे पूरा ध्यान अपने रिसर्च और नई खोजों पर लगा पाते हैं. इस फैसले से बिहार के छात्रों को पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी भी खत्म होगी.
ये भी पढ़ें: बिहार में टूरिंग वेटरनरी ऑफिसर के 787 पदों पर भर्ती, सैलरी 1 लाख से ज्यादा