समाचार · छत्तीसगढ़
तीन मंदिरों की दान पेटियों के ताले तोड़कर चुराए पैसे:पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, 5,130 रुपए और लोहे का कटर जब्त
कांकेर जिले के चारामा में पुलिस ने तीन मंदिरों की दान पेटियों के ताले तोड़कर पैसे चुराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिलीप शर्मा (27), निवासी ग्राम लखनपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी के 5,130 रुपए और लोहे का कटर जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, 20 और 21 नवंबर की दरमियानी रात ग्राम कानापोड़ के त्रिपुरारी महादेव मंदिर और ग्राम लखनपुरी के पिपलेश्वर व बटकेश्वर मंदिर की दान पेटियों के ताले तोड़कर पैसे चोरी किए गए थे। इस मामले में 21 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना पर दिलीप शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने तीनों मंदिरों की दान पेटियों के ताले तोड़कर पैसे चुराना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसके पास से 5,130 रुपए और लोहे का कटर जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि दिलीप के खिलाफ चारामा थाने में पहले भी मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के तीन मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ 5 प्रतिबंधात्मक मामले भी दर्ज हैं।