Monday, 23 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

यूपी असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा की आंसर-की जारी, 29 नवंबर तक अभ्यर्थी कर सकेंगे आपत्ति, जानें पूरा प्रोसेस

INT News22 November 2026 at 11:30 pm

UP Assistant Professor Answer Key 2026: उत्तर प्रदेश में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने सहायक आचार्य चयन परीक्षा (विज्ञापन संख्या-04/2026) की अनंतिम उत्तर कुंजी (Provisional Answer Key) जारी कर दी है. आयोग ने 22 नवंबर 2026 को परीक्षा के मास्टर सेट की उत्तर कुंजी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की है. जिन अभ्यर्थियों को किसी प्रश्न के उत्तर पर आपत्ति है, वे निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन चुनौती दर्ज करा सकते हैं.

19 और 20 नवंबर को हुई थी परीक्षा

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से सहायक आचार्य चयन परीक्षा का आयोजन 19 और 20 नवंबर 2026 को किया गया था. दोनों दिन परीक्षा दो-दो पालियों में आयोजित की गई थी. परीक्षा के बाद आयोग ने 22 नवंबर को मास्टर सेट की अनंतिम उत्तर कुंजी जारी कर दी है. अभ्यर्थी UPESSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उत्तर कुंजी देख सकते हैं. यदि किसी प्रश्न का उत्तर गलत लगता है, तो उसके खिलाफ निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.

इस लिंक से दर्ज करें ऑनलाइन आपत्ति

आयोग ने उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए अलग ऑनलाइन पोर्टल उपलब्ध कराया है. अभ्यर्थियों को सबसे पहले आपत्ति दर्ज करने के लिए यहां क्लिक करे इसके बाद अपना रोल नंबर और जन्मतिथि DDMMYYYY फॉर्मेट में दर्ज करके लॉगिन करना होगा. लॉगिन के बाद जिस प्रश्न के उत्तर पर आपत्ति है, उसे चुनना होगा. इसके बाद संबंधित प्रश्न के सामने दिए गए ड्रॉपडाउन मेन्यू से आपत्ति का प्रकार चुनकर उसे रजिस्टर करना होगा.

आपत्ति के समर्थन में देना होगा स्पष्टीकरण

आयोग के निर्देश के अनुसार, अभ्यर्थी एक या एक से अधिक प्रश्नों पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. हालांकि, आपत्ति दर्ज करते समय उसके समर्थन में उचित स्पष्टीकरण और संदर्भ देना अनिवार्य होगा. इसके लिए संबंधित प्रश्न के सामने टेक्स्ट बॉक्स उपलब्ध कराया गया है. अभ्यर्थियों को अपनी आपत्ति के पक्ष में जरूरी जानकारी और संदर्भ इसी बॉक्स में दर्ज करना होगा.

हर आपत्ति पर देने होंगे 100 रुपये

उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए आयोग ने प्रति आपत्ति 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया है. आपत्ति सफलतापूर्वक जमा करने के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन भुगतान करना होगा. भुगतान का विकल्प 'View Objection Summary' टैब में दिया गया है. अभ्यर्थी एक से अधिक प्रश्नों पर भी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं, लेकिन प्रत्येक आपत्ति के लिए अलग से 100 रुपये शुल्क देना होगा.

29 नवंबर रात 11:59 बजे तक है मौका

आयोग ने आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 29 नवंबर 2026 निर्धारित की है. इस दिन रात 11:59 बजे तक ही ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके बाद पोर्टल पर आपत्ति दर्ज करने की सुविधा स्वतः समाप्त हो जाएगी. आयोग ने स्पष्ट किया है कि डाक या प्रत्यावेदन के माध्यम से भेजी गई आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी. अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन माध्यम से ही अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. आपत्ति जमा करने के बाद 'View Objection Summary' विकल्प पर क्लिक करके उसका विवरण देख सकते हैं और प्रिंट आइकन की मदद से उसकी कॉपी भी निकाल सकते हैं.

Must Read: UP JEE Main 2027: आवेदन की समयसीमा आज खत्म, अब देरी पर देना होगा अतिरिक्त शुल्क