समाचार · छत्तीसगढ़
धमतरी में गुरु नानक जयंती से पहले नगर कीर्तन निकला:पंज प्यारों की अगुवाई में शोभायात्रा गुरुद्वारे से शुरू होकर प्रमुख रास्तों से गुजरी
गुरु नानक देव जी की जयंती से पहले रविवार को छत्तीसगढ़ के धमतरी में सिख समाज ने नगर कीर्तन निकाला। गुरु नानक जयंती 24 नवंबर को मनाई जाएगी। नगर कीर्तन में समाज के लोग शामिल हुए। नगर कीर्तन पंज प्यारों की अगुवाई में गुरुद्वारे से शुरू हुआ। यह गोल बाजार, चमेली चौक, सदर बाजार, कचहरी ढलान, शिव चौक, रिसाई पारा और छत्रपति शिवाजी चौक से होते हुए वापस गुरुद्वारे पहुंचा। वहां इसका समापन हुआ। नगर कीर्तन में पुरुष सफेद कुर्ते और पीली पगड़ी में, जबकि महिलाएं सफेद पोशाक और पीले दुपट्टे में शामिल हुईं। रास्ते में लोगों और सामाजिक संगठनों ने फूल बरसाकर इसका स्वागत किया। सिख समाज के लोगों ने बताया कि गुरु नानक देव जी का जीवन मानवता, प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने भेदभाव और ऊंच-नीच से दूर रहने, ईश्वर की भक्ति करने, मेहनत से कमाने और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख दी। गुरु नानक जयंती पर गुरुद्वारों में विशेष अरदास, कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम होंगे। नगर कीर्तन के साथ धमतरी में गुरु पर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं।