sports
Video: अनिरुद्ध-काव्या मारन की रिसेप्शन पार्टी में पहुंचे एमएस धोनी, पत्नी साक्षी के साथ एयरपोर्ट पर दिखे माही

MS Dhoni: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर चेन्नई में नजर आए. धोनी अपनी पत्नी साक्षी और परिवार के साथ रांची से चेन्नई पहुंचे. यहां उन्हें म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ काव्या मारन की वेडिंग रिसेप्शन पार्टी में शामिल होना है. चेन्नई एयरपोर्ट पर धोनी का जोरदार स्वागत किया गया. उनके पहुंचने के बाद इस समारोह में क्रिकेट जगत के कई बड़े सितारों के शामिल होने की चर्चा भी तेज हो गई है.
धोनी के साथ कई दिग्गज क्रिकेटर होंगे शामिल
काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर की रिसेप्शन पार्टी में क्रिकेट जगत की कई चर्चित हस्तियां पहुंच रही हैं. धोनी के अलावा भुवनेश्वर कुमार, डेल स्टेन, डेनियल विटोरी और केन विलियमसन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के भी समारोह में शामिल होने की जानकारी सामने आई है.
यह रिसेप्शन दो दिनों तक चलने वाला कार्यक्रम बताया जा रहा है. इसका पहला आयोजन शनिवार, 21 नवंबर को हुआ, जिसमें राजनीति, सिनेमा और क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय जोसेफ भी शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे. चेन्नई पहुंचने के बाद धोनी और साक्षी काफी खुश नजर आए. होटल पहुंचने पर दोनों का भव्य स्वागत किया गया.
ये भी पढ़ें: IND A vs PAK A: टॉस जीतकर भी हार गया भारत! पाकिस्तानी कप्तान ने उठाए सवाल, मैच रेफरी को बदलना पड़ा फैसला
IPL से संन्यास के बाद पहली बार चेन्नई पहुंचे धोनी
आईपीएल से संन्यास का ऐलान करने के बाद यह पहला मौका है, जब एमएस धोनी चेन्नई पहुंचे हैं. आईपीएल 2027 में वह चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए नई भूमिका में नजर आ सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी टीम के मेंटर की जिम्मेदारी संभालेंगे.
करीब दो दशक तक आईपीएल में बतौर खिलाड़ी अपना जलवा दिखाने वाले धोनी ने अब अपने खेलने के करियर को विराम दे दिया है. चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2027 के लिए रिटेंशन से पहले उन्हें खिलाड़ी के तौर पर टीम में बरकरार नहीं रखा था. फ्रेंचाइजी ने हाल ही में जहीर खान को अपना मुख्य कोच भी नियुक्त किया है.
घुटने की परेशानी से जूझ रहे थे धोनी
चेन्नई सुपर किंग्स की मालिक रूपा गुरुनाथ ने पहले बताया था कि धोनी खुद भी खिलाड़ी के तौर पर आगे खेलने को लेकर निश्चित नहीं थे. रिटेंशन को लेकर हुई बातचीत के दौरान विकेटकीपर बल्लेबाज ने कथित तौर पर फ्रेंचाइजी से उन्हें रिलीज करने के लिए कहा था.
आईपीएल 2026 का सीजन भी धोनी के लिए आसान नहीं रहा था. घुटने की परेशानी के कारण उनकी उपलब्धता और मैदान पर खेलने का समय प्रभावित हुआ था. अब आईपीएल 2027 में वह खिलाड़ी के बजाय मेंटर की भूमिका में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ नई पारी शुरू कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: केएल राहुल ने रचा इतिहास, SENA देशों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बने