Monday, 23 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

तिलक वर्मा का शतक भी नहीं दिला सका जीत, पाकिस्तान ए ने भारत ए को 48 रन से हराया

INT News23 November 2026 at 12:46 am

IND A vs PAK A: मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में पाकिस्तान ए ने भारत ए को 48 रन से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. पाकिस्तान द्वारा दिए गए 314 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ए की टीम तिलक वर्मा की शतकीय पारी और अभिषेक शर्मा के 70 रन के बावजूद 49.1 ओवर में 265 रन पर ऑलआउट हो गई.

दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 313 रन बनाए. जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और शुरुआती ओवरों में ही दो विकेट गिर गए. इसके बाद अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन उनके आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई.

पाकिस्तान ने बनाए 313 रन

पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम की शुरुआत अच्छी रही. शमील हुसैन और माज सदाकत ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े. आयुष बडोनी ने शमील हुसैन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. शमील ने 23 गेंदों में 33 रन बनाए.

इसके बाद हर्षित राणा ने रोहेल नजीर को पवेलियन भेजा. माज सदाकत ने 63 गेंदों में 59 रन की पारी खेली. पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद ने 35 गेंदों में 28 रन बनाए, लेकिन वह रन आउट होकर पवेलियन लौट गए.

हसन नवाज पाकिस्तान के सबसे सफल बल्लेबाज रहे. उन्होंने 82 गेंदों में 79 रन बनाए. वहीं, इमरान ने 14 गेंदों में 23 रन की तेजतर्रार पारी खेली. मसूद 9 रन बनाकर आउट हुए. पाकिस्तान ए ने निर्धारित 50 ओवर में 313 रन बनाए और भारत ए के सामने 314 रन का लक्ष्य रखा.

भारत की शुरुआत खराब, वैभव और बडोनी जल्दी आउट

314 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. मोहम्मद इमरान रंधावा ने वैभव सूर्यवंशी को आउट कर भारत ए को पहला झटका दिया. वैभव 13 गेंदों में 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे.

इसके बाद अली रजा ने आयुष बडोनी को बोल्ड कर भारत ए को दूसरा झटका दिया. बडोनी चार गेंद खेलने के बाद बिना खाता खोले आउट हो गए. शुरुआती दो विकेट गिरने के बाद भारत ए दबाव में आ गया.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ Day 5: फ्री में कहां देखें भारत-न्यूजीलैंड का पहला टेस्ट मैच? जानें लाइव टेलीकास्ट डिटेल्स

अभिषेक शर्मा ने खेली 70 रन की पारी

शुरुआती झटकों के बाद अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए भारतीय पारी को संभाला. उन्होंने 42 गेंदों में 70 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से छह चौके और छह छक्के निकले.

अभिषेक शर्मा ने बड़े शॉट खेलकर रन गति बनाए रखी, लेकिन 15.5 ओवर में हसन नवाज ने उन्हें आउट कर भारत ए को तीसरा झटका दिया. अभिषेक का कैच अब्दुल समद ने पकड़ा.

तिलक वर्मा ने लगाया शतक

अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी संभाली. चोट से परेशान होने के बावजूद उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और शतक जड़कर भारत ए की उम्मीदें कायम रखीं.

मैच के दौरान तिलक वर्मा को फील्डिंग करते समय सिर में चोट लगी थी. इसके बाद 11वें ओवर में उनकी कोहनी में भी चोट लगी. उपचार के बाद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी और पाकिस्तान के गेंदबाजों का सामना करते हुए महत्वपूर्ण शतकीय पारी खेली. हालांकि, तिलक वर्मा की यह शानदार पारी भारत ए को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रही.

ये भी पढ़ें: IND A vs PAK A: आउट होने के बाद पाक प्लेयर ने हर्षित को दिखाई आंख, राणा ने दिया करारा जवाब, देखें Video

पाकिस्तान के गेंदबाजों ने पलटा मैच

अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद पाकिस्तान ए के गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा. सुफियान मुकीम ने कुमार कुशाग्र को बोल्ड कर भारत ए को चौथा झटका दिया. कुशाग्र सात गेंदों में दो रन बनाकर आउट हुए.

हसन नवाज ने रिंकू सिंह को बोल्ड कर भारत ए को पांचवां झटका दिया. रिंकू 14 गेंदों में छह रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद हसन नवाज ने सूर्यांश शेडगे को आउट कर भारत ए को छठा झटका दिया. सूर्यांश नौ गेंदों में तीन रन बना सके. पाकिस्तान की ओर से अली रजा और हसन नवाज ने तीन-तीन विकेट हासिल किए. दोनों गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजी को लगातार दबाव में रखा और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.

भारत ए को मिली 48 रन से हार

भारतीय टीम तिलक वर्मा के शतक और अभिषेक शर्मा की 70 रन की पारी के बावजूद लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी. इंडिया ए की पूरी टीम 49.1 ओवर में 265 रन पर सिमट गई. पाकिस्तान ए ने यह मुकाबला 48 रन से जीत लिया.

मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स में भारत ए ने अपने पहले मुकाबले में नेपाल को 306 रन से हराकर शानदार शुरुआत की थी. वहीं, पाकिस्तान ए ने यूएई को 61 रन से हराया था. इस जीत के साथ पाकिस्तान ए ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली.

ये भी पढ़ें: IND A vs PAK A: टॉस जीतकर भी हार गया भारत! पाकिस्तानी कप्तान ने उठाए सवाल, मैच रेफरी को बदलना पड़ा फैसला