Sunday, 13 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · दिल्ली

दिल्ली में आज BRICS समिट और IND vs AFG मैच, घर से निकलने से पहले पढ लें ट्रैफिक एडवाइजरी

INT News13 September 2026 at 10:48 am

Delhi Traffic Advisory : दिल्ली में रविवार, 13 सितंबर को दो प्रमुख आयोजनों का असर सड़कों पर देखने को मिलेगा. एक तरफ BRICS Summit के चलते सुबह से ही ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी, वहीं दूसरी तरफ अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मैच के कारण कई रूट डायवर्ट कर दिए हैं. वहीं कुछ जगहों पर पाबंदियां भी लगाई गई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दोनों आयोजनों को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है.

BRICS Summit के लिए संबंधित नियंत्रित क्षेत्र में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ट्रैफिक नियम लागू रहेंगे, खासकर वीवीआईपी और विदेशी प्रतिनिधियों की आवाजाही के दौरान. वहीं भारत-अफगानिस्तान मैच को लेकर स्टेडियम और आसपास के इलाकों में दोपहर 2 बजे से ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे.

क्रिकेट देखने जा रहे हैं तो दोपहर 2 बजे से संभलकर

भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 शाम में खेला जाएगा, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था मैच से काफी पहले बदल जाएगी. अरुण जेटली स्टेडियम और आसपास के इलाकों में दोपहर 2 बजे से जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक डायवर्जन, प्रतिबंध और पार्किंग नियम लागू रहेंगे.

ट्रैफिक पुलिस ने मैच देखने जाने वाले दर्शकों से पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने और संभव हो तो मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है. मैच वाले इलाके से जिन लोगों का कोई जरूरी काम नहीं है, उन्हें उस क्षेत्र से बचने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें: IND vs AFG: पहले टी20 में बारिश बिगाड़ेगी खेल या होगा कोई उलटफेर? जानें कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम

इन रास्तों पर बढ़ सकती है मुश्किल

भारत-अफगानिस्तान मुकाबले के कारण बहादुर शाह जफर मार्ग, डीडीयू मार्ग, जेएलएन मार्ग और मीरदर्द चौक समेत आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है. ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार इन रास्तों पर प्रतिबंध या डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं.

इसके अलावा सेंट्रल दिल्ली के आईटीओ, राजघाट, दिल्ली गेट और आसफ अली रोड के आसपास भी आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है. वाहन चालकों को मौके पर लगाए गए डायवर्जन संकेतों और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करना होगा.

स्टेडियम जा रहे हैं तो पार्किंग का गणित समझ लें

मैच देखने जाने वाले दर्शकों के लिए सामान्य पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी. दर्शकों को केवल निर्धारित पार्किंग और एंट्री पॉइंट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर पार्किंग और पार्क एंड राइड की व्यवस्था रहेगी. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.

कैब से जा रहे हैं तो कहीं भी उतरना भारी पड़ सकता है

ऐप आधारित कैब और टैक्सी के लिए भी निर्धारित पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट बनाए गए हैं. दर्शकों को इन्हीं स्थानों का इस्तेमाल करना होगा. स्टेडियम के आसपास मनमाने तरीके से कैब रोकने या उतरने से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. ट्रैफिक पुलिस ने साफ कहा है कि दर्शक निर्धारित एंट्री, पार्किंग और कैब पिक-अप/ड्रॉप-ऑफ व्यवस्था का ही इस्तेमाल करें.

घर से निकलने से पहले क्या करें?

अगर रविवार को इस इलाके से गुजरना जरूरी है तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने, अतिरिक्त समय लेकर निकलने और जहां संभव हो मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.

ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: बदल गया टीम इंडिया के मैचों का समय, जानें भारत के मुकाबले कब और कितने बजे होंगे