Sunday, 13 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में अब आएगा बड़ा मोड़! 70 से ज्यादा संदिग्ध गतिविधियां, 7 हजार पन्नों की केस डायरी तैयार

INT News13 September 2026 at 11:48 am

Ayodhya Ram Mandir News: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की रकम से जुड़े चोरी के मामले में पुलिस की विवेचना अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है. मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाने का दावा किया है. करीब सात हजार पन्नों की केस डायरी तैयार की गई है. अब 22 और 23 सितंबर को चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी की जा रही है.

CCTV फुटेज में 70 से ज्यादा संदिग्ध गतिविधियां

मामले की शुरुआती जांच में मंदिर परिसर के CCTV फुटेज खंगाले गए थे. रिपोर्ट के मुताबिक, 27 अप्रैल से 5 जून के बीच चढ़ावे की रकम को छिपाने या निकालने से जुड़ी 70 से अधिक संदिग्ध गतिविधियां सामने आई थीं. पुलिस ने जांच के दौरान इन घटनाओं से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया है. अब इन सभी साक्ष्यों का आपस में मिलान किया जा रहा है, ताकि आरोपियों की भूमिका को स्पष्ट किया जा सके.

बयान से लेकर नकदी और आभूषण तक, साक्ष्यों की लंबी फेहरिस्त

पुलिस की तैयार की जा रही चार्जशीट में आरोपियों के बयान को भी शामिल किया जाएगा. इसके साथ घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य और मंदिर परिसर के CCTV फुटेज भी केस का हिस्सा होंगे. जांच में बरामद नकदी, वाहन, आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को भी साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है. पुलिस का फोकस इन सभी साक्ष्यों को आरोपों से जोड़ने पर है.

जोन स्तर पर हुई जांच की समीक्षा

चार्जशीट दाखिल करने से पहले जांच के प्रमुख बिंदुओं की जोन स्तर पर भी समीक्षा हो चुकी है. केस डायरी में शामिल साक्ष्यों की कानूनी मजबूती को परखा जा रहा है. इसके साथ ही आठों आरोपियों की भूमिका और उनके खिलाफ सामने आए साक्ष्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. पुलिस की तैयारी के मुताबिक 22 या 23 सितंबर को चार्जशीट दाखिल की जा सकती है.

चढ़ावा चोरी के बाद कम हुई थी विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आने की बात सामने आई थी. विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या पर भी इसका असर पड़ा था. हालांकि, अब विदेशी भक्तों की संख्या फिर बढ़ने लगी है. रामलला के दरबार में विदेशी श्रद्धालुओं की आस्था एक बार फिर नजर आ रही है. मंदिर में नई व्यवस्थाओं और पारदर्शिता की दिशा में किए जा रहे बदलावों से श्रद्धालुओं का भरोसा मजबूत होने की बात कही जा रही है.

अमेरिका से पहुंचे 10 श्रद्धालु

शुक्रवार को अमेरिका से आए 10 श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए. इनमें सात महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे. चढ़ावा चोरी की घटना के बाद विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या में आई गिरावट के बीच अमेरिका से आए इन श्रद्धालुओं का अयोध्या पहुंचना अहम है. वहीं, दूसरी ओर पुलिस की जांच भी अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी चल रही है.

Also Read: यूपी में ये आंकड़े देख आप भी चौंक जाएंगे! जहां सबसे ज्यादा स्लॉटर हाउस, वहीं शाकाहारियों की भरमार; पूर्वांचल में कहानी उलट