समाचार · मध्य प्रदेश
‘रील’ देखने से रोका, घर से भागा बच्चा:चंडीगढ़ से भागकर ट्रेन में बैठा 8 साल का बच्चा, ग्वालियर में टीटीई ने उतारा; मां से कराई बात
चंडीगढ़ में रील देखने से रोके जाने पर नाराज 8 साल का बच्चा घर से बिना बताए निकल गया। वह अकेले ट्रेन में बैठकर ग्वालियर पहुंच गया। चंडीगढ़-इंदौर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में टीटीई ने उसे अकेले सफर करते देखा और आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ ने बच्चे को ग्वालियर में ट्रेन से उतारकर उसकी मां से बात कराई। चंडीगढ़-इंदौर एक्सप्रेस में अकेला मिला बच्चा ट्रेन नंबर 19308 चंडीगढ़-इंदौर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में चेकिंग के दौरान टीटीई ने बच्चे को अकेले सफर करते देखा। टीटीई ने तुरंत आरपीएफ कंट्रोल रूम को सूचना दी। रविवार तड़के करीब 3:05 बजे आरपीएफ टीम ग्वालियर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची। टीम ने बच्चे को ट्रेन से उतारकर आरपीएफ पोस्ट पहुंचाया। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि रील देखने पर घरवालों ने उसे डांटा था, जिससे नाराज होकर वह बिना बताए ट्रेन में बैठ गया। 11 सितंबर की दोपहर से गायब था बच्चा आरपीएफ अधिकारियों ने बच्चे के बताए मोबाइल नंबर पर उसकी मां से संपर्क किया। मां ने बताया कि बच्चा 11 सितंबर की दोपहर से गायब था। परिजनों ने चंडीगढ़ में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी और उसकी तलाश कर रहे थे। चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द किया गया पहचान की पुष्टि और जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बच्चे को सुरक्षित चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया। रविवार को परिजन ग्वालियर पहुंचे। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वे बच्चे को वापस घर ले जाएंगे। आरपीएफ के मुताबिक, बच्चे के अकेले सफर करने की जानकारी मिलते ही टीटीई ने तत्काल सूचना दी। ट्रेन से सुरक्षित उतारने के बाद बच्चे की काउंसलिंग भी की गई।