Sunday, 13 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नवविवाहिता की आत्महत्या मामले में पति, सास-ससुर पर FIR:कार के लिए 5 लाख मांगे, फिर 15 लाख की मांग का आरोप, पति-ससुर हिरासत में

INT News13 September 2026 at 11:55 am

इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र के कड़ाबीन इलाके में 27 वर्षीय नवविवाहिता शिवानी की फांसी लगाकर आत्महत्या के मामले में पुलिस ने मृतका के पति, सास और ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में एफआईआर दर्ज की है। एसीपी अशोक सिंह जादौन ने जांच के बाद रविवार को मृतका शिवानी मौर्य (27) की मौत के मामले में पति लोकेश मौर्य, ससुर मनोहर और सास अनिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। एसीपी ऑफिस में परिवार के बयान हुए। इसमें शिवानी के परिजन ने बताया कि फरवरी 2026 में उसकी शादी लोकेश से हुई थी। शिवानी का परिवार कम्पेल में रहता है। परिजन के मुताबिक, शादी के दिन भी दहेज को लेकर विवाद हुआ था। बाद में लोकेश ने कार खरीदने के लिए 5 लाख रुपए मांगे। इसमें शिवानी के पिता ने 2 लाख रुपए की व्यवस्था कर दी। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग 15 लाख रुपए की और मांग करने लगे। इन बातों को लेकर वे शिवानी को परेशान करते थे। 10 सितंबर को शिवानी ने सुसाइड किया था 10 सितंबर को शिवानी ने सुसाइड कर लिया था। उसे पति और अन्य लोग अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां रात में पिता और अन्य परिजन को कॉल कर घटना की जानकारी दी गई। जब शिवानी के मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे तो पति और ससुर वहां से चले गए। दूसरे दिन पोस्टमॉर्टम के दौरान भी परिजन वहां नहीं आए। हालांकि, परिजन के बयान और आरोपों के बाद एसीपी ने पूरे मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने इस मामले में पति और ससुर को हिरासत में लिया है।