समाचार · हरियाणा
भिवानी में कांग्रेसी नेता का BJP पर साधा निशाना:पवन बुवानीवाला बोले- युवा को रोजगार नहीं, कानून व्यवस्था चरमराई, मेडिकल कॉलेज केवल बिल्डिंग स्ट्रैक्चर
भिवानी में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पवन बुवानीवाला ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साथा। उन्होंने अपने आवास पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विषयों को लेकर भाजपा को घेरने का प्रयास किया। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पवन बुवानीवाला ने कहा कि हजारों विद्यार्थी स्कूल व कॉलेज से निकलते हैं, लेकिन उनके पास रोजगार नहीं हैं। पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर ने 4 साल पहले कहा था कि हम हरियाणा के युवाओं को रोजगार देंगे। लेकिन वह आदेश लागू नहीं हुआ और युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार दिए जाएं। देश की शिक्षा व्यवस्था ठप हो रही है। स्कूल बंद हो रहे हैं और बच्चे अशिक्षित होते जा रहे हैं। देश तभी आगे बढ़ता है कि युवा शिक्षित हो। मेडिकल कॉलेज में व्यवस्था खराब- पवन
पवन बुवानीवाला ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था भी चरमराई हुई है। चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने शासनकाल में भिवानी में चौधरी बंसीलाल के नाम से मेडिकल कॉलेज की घोषणा की थी। लेकिन उस मेडिकल कॉलेज को आज करीब 14 साल होने को हैं, लेकिन आज तक केवल बिल्डिंग का स्ट्रैक्चर (ढांचा) बना है। ना तो डॉक्टर हैं और ना ही उचित व्यवस्था हैं। यहां पर महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने भी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया था। इसके बाद उन्होंने कहा था कि यहां व्यवस्था पूर्ण नहीं हैं। शहर का विकास करने के लिए मेडिकल कॉलेज को सुदृढ़ किया जाना चाहिए। व्यापारियों से मांगी जा रही फिरौती- बुवानीवाला
उन्होंने कहा कि व्यापारी जगत में बुरा हाल है। आए दिन व्यापारियों से फिरौती मांगी जा रही है। फिरौती नहीं देने पर व्यापारियों के मर्डर किए जा रहे हैं। जबकि देश का सबसे ज्यादा रैवेन्यू व्यापारी वर्ग से आता है। कानून व्यवस्था बेहतर करनी चाहिए। कानून व्यवस्था के कारण युवा पलायन करके विदेश जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश में पहले से कई गुना भ्रष्टाचार बढ़ चुका है। जो काम 1000 में होना था वह 10 हजार में होता है। किसी पर कोई लगाम नहीं है। कहीं पटवारी पकड़ा जाता है तो कहीं एएसआई पकड़ा जाता है। कई अधिकारी पकड़े जाते हैं। ये घोटाले बंद होने चाहिए।