समाचार · पंजाब
लुधियाना में फर्जी निहंग बने युवक की पिटाई:बाणा पहनकर एक्टिवा पर घूमता, निहंगों ने पकड़ा; बोले-लोगों से लूट कर हमारा नाम खराब कर रहा
लुधियाना में निहंग बाणे की आड़ में लोगों से लूटपाट करने के आरोप में एक युवक की निहंगों ने पकड़कर पिटाई कर दी। आरोप है कि युवक अपने साथी के साथ सफेद रंग की एक्टिवा पर घूमता है और निहंग बाणा पहनकर लोगों से जबरदस्ती पैसे व सामान छीनने की कोशिश करता है। ट्रांसपोर्ट नगर के पास बाबा कुलदीप सिंह और उनके साथियों ने इन्हें घेरकर पकड़ लिया। बाबा कुलदीप सिंह के मुताबिक, कुछ समय पहले निहंग बाणे में आए एक्टिवा सवार युवकों ने एक फोटोग्राफर को चलती गाड़ी पर रोककर हमला किया और उससे पैसे छीनने की कोशिश की थी। आरोप है कि युवक ने किरपाण दिखाकर पैसे मांगने की कोशिश की। इसके बाद निहंगों ने उसे घेर लिया। दुकानों के बाहर से आटे की बोरियां उठाने का भी आरोप बाबा कुलदीप सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों युवक निहंग बाणे का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। वे दुकानों के बाहर से जबरदस्ती आटे की बोरियां तक उठा ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतों से निहंग समाज की बदनामी होती है। बाबा कुलदीप सिंह ने इलाके के लोगों से भी अपील की कि यदि ये युवक दोबारा किसी के साथ लूट की कोशिश करें तो तुरंत सूचना दी जाए। आरोप यह भी है कि युवक नशे का आदी है। "निहंग बाणा सेवा के लिए, गलत इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं" बाबा कुलदीप सिंह ने कहा कि निहंग बाणा गुरु महाराज ने लोगों की सेवा और धर्म की रक्षा के लिए दिया है। इसका इस्तेमाल लोगों को डराने या लूटपाट के लिए करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों युवकों को फिलहाल चेतावनी देकर छोड़ा गया है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा इलाके में किसी व्यक्ति को लूटने की कोशिश करते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।