Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

मां की गोद से सड़क पर गिरकर मासूम की मौत:बचाने के चक्कर में ईंटों से भरी ट्राली पलटी, विवाहिता घायल; नूंह में हादसा

INT News17 August 2026 at 06:27 am

नूंह जिले में होडल रोड पर रविवार को एक सड़क हादसे में 3 महीने के मासूम बच्चे की मौत हो गई। यह घटना पेप्सी कंपनी के पास हुई, जिसमें बच्चे की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को इलाज के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, पलवल जिले के रूपडाका गांव निवासी इम्तियाज अपनी पत्नी नजमा और बच्चे के साथ अपने गांव शाहपुर नगली, नूंह जा रहे थे। नूंह-होडल रोड पर पेप्सी कंपनी के आगे पहुंचने पर अचानक बच्चे का संतुलन बिगड़ गया। वह मां की गोद से उछलकर सड़क पर गिर गया। बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी इसी दौरान पीछे से आ रही ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर ने सड़क पर गिरे बच्चे को बचाने का प्रयास किया। इस कोशिश में ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में बच्चे की मां नजमा को भी गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने घायल नजमा को तत्काल मेडिकल कॉलेज नल्हड़ पहुंचाया। जयसिंहपुर चौकी प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी नूंह भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।