समाचार · मध्य प्रदेश
एमसीयू में आज से ‘अभ्युदय 2026’:सीनियर बॉलीवुड और रंगमंच के कलाकार पीयूष मिश्रा पहुंचेंगे भोपाल
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) में तीन दिवसीय सत्रारंभ कार्यक्रम ‘अभ्युदय 2026’ का आगाज सोमवार से होगा। कार्यक्रम के पहले दिन 18 अगस्त को सुबह 10:30 बजे प्रख्यात अभिनेता, लेखक, गीतकार और गायक पीयूष मिश्रा विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस बार ‘अभ्युदय’ की थीम ‘मैं और मेरा विश्वविद्यालय’ रखी गई है। मीडिया हेड डॉ. पवित्र श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम की खास बात यह है कि विश्वविद्यालय के 35 वर्षों में पढ़कर निकले करीब 50 पूर्व विद्यार्थी पहली बार एक साथ सत्रारंभ में शामिल होंगे। दस अलग-अलग सत्रों में ये पूर्व विद्यार्थी नए विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और अपने संघर्ष, अनुभव और कॅरिअर की संभावनाओं को साझा करेंगे। सात देशों से जुड़ेंगे पूर्व विद्यार्थी इस बार ‘अभ्युदय’ का दायरा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा है। अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, आस्ट्रेलिया, दुबई, सिंगापुर और दक्षिण अफ्रीका में स्थापित विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी भी कार्यक्रम से जुड़ेंगे। ये पूर्व विद्यार्थी प्रिंट, टीवी, डिजिटल मीडिया, मीडिया प्रबंधन, विज्ञापन, पीआर, प्रशासन और राजनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय हैं। 20 अगस्त को होगा समापन तीन दिवसीय आयोजन का समापन 20 अगस्त को होगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद रजनीश होंगे। वे भी एमसीयू के पूर्व विद्यार्थी रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पूर्व छात्रों के अनुभवों से सीखने और मीडिया एवं संचार के बदलते क्षेत्र में कॅरिअर की संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा।