समाचार · मध्य प्रदेश
सतना में वंदे मातरम् विवाद पर भाजपा का मशाल जुलूस:उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल समेत मंत्री-सांसद शामिल, कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के अनादर का आरोप
कांग्रेस नेताओं पर राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के अनादर का आरोप लगाते हुए सतना भाजपा जिला संगठन ने रविवार रात कैंडल मार्च और मशाल जुलूस निकाला। यह मार्च सर्किट हाउस से अंबेडकर चौक तक आयोजित किया गया। इस जुलूस में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, सांसद गणेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष पं. भगवती प्रसाद पाण्डेय, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार और महापौर योगेश ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में वंदे मातरम् के अनादर से करोड़ों देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने इस घटना को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान बताया। सांसद गणेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने वंदे मातरम् का अनादर कर देश की आत्मा पर प्रहार किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय ने जोर देकर कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रगौरव, मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और स्वतंत्रता संग्राम की अमर भावना का प्रतीक है। कैंडल मार्च से पहले, भाजपा नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।