Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

गूगल पर डॉक्टर का नंबर सर्च करना पड़ा महंगा:रिटायर्ड अधिकारी से 49 हजार की ऑनलाइन ठगी, रजिस्ट्रेशन फीस जमा न होने पर आधार नंबर मांगा

INT News17 August 2026 at 07:40 am

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। स्कीम नंबर 114 निवासी 66 वर्षीय रिटायर्ड अधिकारी विनोद शर्मा से साइबर ठगों ने 49 हजार रुपए ठग लिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विनोद शर्मा ने पुलिस को बताया कि 14 जुलाई की सुबह उन्होंने पेट के प्रसिद्ध डॉक्टर अस्मित चौधरी का अपॉइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर उनका मोबाइल नंबर सर्च किया था। सर्च के दौरान मिले एक नंबर पर कॉल करने पर एक महिला ने खुद को डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुक करने वाली कर्मचारी बताया। ऑनलाइन 20 रुपए जमा कराए महिला ने अपॉइंटमेंट के लिए 20 रुपए ऑनलाइन जमा करने को कहा। भुगतान नहीं होने पर दूसरे नंबर से एक व्यक्ति ने कॉल किया और आधार नंबर मांगते हुए पेमेंट की प्रक्रिया पूरी करने की बात कही। संदेह होने पर विनोद ने कॉल काट दिया। कुछ देर बाद उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते से 1 रुपए डेबिट होने का मैसेज आया। यह राशि किसी माहिमारन के खाते में ट्रांसफर हुई थी। उन्होंने बैंक खाता ब्लॉक कराया, लेकिन अगले दिन 1 रुपए वापस खाते में आने पर उन्हें लगा कि खाता ब्लॉक नहीं हुआ है। इसके बाद बैंक पहुंचकर उन्होंने दोबारा खाता ब्लॉक कराया। खाते से हुए दो ट्रांजेक्शन जांच करने पर पता चला कि खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 49 हजार रुपए निकाले जा चुके थे। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। रविवार को शिकायत लसूडिया पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस अब गूगल सर्च के दौरान सामने आए मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।