समाचार · मध्य प्रदेश
29 लाख रुपए से बनेगा एनिमल बर्थ कंट्रोल, वैक्सीनेशन आज से
भास्कर संवाददाता | सीहोर शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे और सुप्रीम कोर्ट के कड़े रुख के बाद आखिरकार सीहोर नगर पालिका हरकत में आ गई है। आमजनों को राहत देने के लिए नगर पालिका 29 लाख रुपए की लागत से एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर का निर्माण करने जा रही है। सेंटर का निर्माण पूरा होने तक नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर नपा शनिवार से आवारा कुत्तों को पकड़कर उनका टीकाकरण (वैक्सीनेशन) शुरू कर रही है। इसके लिए आवश्यक दवाइयां और इंजेक्शन खरीदकर पशु चिकित्सा विभाग को सौंप दिए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों के प्रबंधन को लेकर स्पष्ट और कड़ा फैसला सुनाते हुए सार्वजनिक व संवेदनशील स्थानों से कुत्तों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए थे। अदालत ने दोटूक कहा था कि "जानवरों के हित मानव सुरक्षा से ऊपर नहीं हो सकते।" शीर्ष अदालत के इस आदेश के परिपालन में नगरीय निकायों को कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे, जिसके तहत अब सीहोर नपा यह कदम उठा रही है। ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास 29 लाख रु. से बनेगा हाइटेक एबीसी सेंटर आवारा कुत्तों को पकड़ने, उन्हें संरक्षित कर उनके जन्म देने की प्रक्रिया को रोकने आदि को लेकर जल्द ही ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास एनिमल बर्थ कंट्रोल का निर्माण शुरू होगा। इसके लिए 29 लाख रुपए की स्वीकृति भी मिल गई है। आवारा कुत्तों को डाग कैचर के जरिए पकड़ कर यहां संरक्षित किया जाएगा। जहां बधियाकरण, टीकाकरण समेत रखने व भोजन आदि की सुविधा होगी। बधियाकरण के बाद उन्हें छोड़ दिया जाएगा। ^ आवारा कुत्तों के बधियाकरण के लिए एनिमल बर्थ सेंटर तैयार करने व पकड़ने के लिए डॉग कैचर आदि के लिए कार्ययोजना की स्वीकृति शासन से मिल गई है। जल्द ही इसका निर्माण शुरू करवाया जाएगा और लोगों को आवारा कुत्तों की समस्या से निजात मिलेगी। - सुधीर कुमार, सीएमओ, नगर पालिका सीहोर