Saturday, 17 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पलवल में चौकी इंचार्ज ₹3 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार:शराब पीने का केस न बनाने के बदले मांगे थे ₹10 हजार; ₹5 हजार पहले लिए

INT News16 October 2026 at 10:24 pm

पलवल में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) फरीदाबाद की टीम ने हथीन गेट चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार को 3 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने शराब पीने का केस दर्ज नहीं करने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी थी। आरोपी पहले ही 5 हजार रुपए ले चुका था। शिकायतकर्ता के अनुसार, SI राजेश कुमार ने उसे घर के सामने शराब पीते हुए पकड़ा था। आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज नहीं करने के बदले कथित तौर पर 10 हजार रुपए मांगे गए। बातचीत के बाद 8 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इसमें से 5 हजार रुपए पहले दिए जा चुके थे, जबकि बाकी 3 हजार रुपए मांगे जा रहे थे। शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल शिकायत मिलने पर ACB टीम ने पहले आरोपों का नियमानुसार सत्यापन किया और फिर ट्रैप की योजना बनाई। इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने राजपत्रित अधिकारी ओम दत्त, कार्यकारी अभियंता FMDA की मौजूदगी में कार्रवाई की। इस दौरान सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार को शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपए लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में केस दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है। आरोपी को अगले दिन कोर्ट में पेश किए जाने की बात कही गई है।