समाचार · हरियाणा
सेक्टर-85 में अनुमति से ज्यादा मिट्टी खुदाई CM फ्लाइंग रेड:हाईराइज बिल्डिंग के बेसमेंट निर्माण में 11 हजार मीट्रिक टन अतिरिक्त मिट्टी खुदाई मिली
फरीदाबाद सेक्टर-85 में हाईराइज बिल्डिंग के निर्माण के दौरान तय अनुमति से अधिक मिट्टी खोदने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और खनन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। जांच में करीब 11 हजार मीट्रिक टन अतिरिक्त मिट्टी खोदे जाने की बात सामने आई है। सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाने की मिली थी सूचना मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम के सदस्य सतबीर ने बताया कि17 अगस्त को सूचना मिली थी कि सेक्टर-85 में बरलेरिया बीपी होम की ओर से हाईराइज बिल्डिंग का निर्माण कराया जा रहा है। बिल्डिंग के लिए बेसमेंट बनाने के दौरान खनन विभाग से मिली अनुमति से अधिक मिट्टी खोदी जा रही है। इससे सरकार के राजस्व को नुकसान होने की आशंका जताई गई थी। डेढ़ एकड़ जमीन पर बन रही 19 मंजिला बिल्डिंग सूचना के बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने खनन निरीक्षक कोमल कुमार के साथ मौके का निरीक्षण किया। करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर हाईराइज बिल्डिंग का निर्माण चल रहा था। मौके पर साइट इंचार्ज हेमंत कुमार मिला। उसने बताया कि यहां करीब 19 मंजिला बिल्डिंग बनाई जानी है और इसके लिए बेसमेंट की खुदाई का काम राहुल अर्थ मूवर्स को दिया गया है। अनुमति से करीब 11 हजार मीट्रिक टन ज्यादा मिट्टी खोदी मौके पर राहुल निवासी भूपानी भी पहुंचा। उसने बताया कि मिट्टी की खुदाई के लिए खनन विभाग से अनुमति ली गई है। टीम ने मौके पर मौजूद दस्तावेजों का मिलान किया और खुदाई की स्थिति की जांच की। इस दौरान अनुमति की तुलना में करीब 11 हजार मीट्रिक टन अधिक मिट्टी खोदे जाने की बात सामने आई। नोटिस देकर लगाया जाएगा जुर्माना खनन निरीक्षक ने बताया कि अनुमति से अधिक मिट्टी खोदने के मामले में संबंधित व्यक्ति को नोटिस दिया जाएगा। जांच के बाद नियमों के अनुसार जुर्माना निर्धारित किया जाएगा। उड़नदस्ता और खनन विभाग की कार्रवाई के बाद निर्माण स्थल पर अतिरिक्त मिट्टी खुदाई का मामला सामने आया है।