समाचार · हरियाणा
महम में बेकरी कारोबारी से मारपीट:दुकान पर पहुंचे हमलावर, ₹10 लाख मांगे, बोले- जेल से छूटे, खर्चा-पानी के लिए पैसे चाहिए
रोहतक जिले में महम के बीच बाजार में मनचंदा बेकरी के मालिक राकेश मनचंदा के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने उनसे 10 लाख रुपए की मांग की और इनकार करने पर लाठी-डंडों से पीटा। इस घटना से शहर के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। दुकानदार राकेश मनचंदा ने बताया कि यह घटना शाम करीब 5 बजे हुई। कुछ लोग उनकी दुकान पर पहुंचे और 10 लाख रुपए की मांग की। उन्होंने हर महीने 1 लाख रुपए देने का दबाव भी बनाया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने कहा कि वे अभी जेल से छूटे हैं और उन्हें खर्चा-पानी के लिए पैसे चाहिए। राकेश मनचंदा का आरोप है कि जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया, तो दुकान के अंदर ही उनके साथ लाठी-डंडों से बुरी तरह मारपीट की गई। हमलावर उन्हें घायल अवस्था में छोड़कर चले गए। आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। दुकानदार का आरोप- शिकायत के बावजूद पुलिस ने दर्ज नहीं किया मुकदमा पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की शिकायत पुलिस को दिए जाने के बावजूद अभी तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। उनका कहना है कि आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। यदि पीड़ित के आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह एक गंभीर मामला है। बीच बाजार में दुकानदार के साथ इस तरह की कथित मारपीट व्यापारियों की सुरक्षा और शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि मामले की तत्काल और निष्पक्ष जांच की जाए, पीड़ित की शिकायत पर कानून के अनुसार कार्रवाई हो तथा महम बाजार के दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।