समाचार · मध्य प्रदेश
दो कंटेनरों की भिड़ंत में तीन लोग घायल:ये सभी धार जिले के रहने वाले, बड़वानी में टाटा मैजिक भी चपेट में आई
बड़वानी जिले के पानसेमल थाना इलाके में मंगलवार दोपहर खेतिया रोड पर सड़क हादसा हो गया। कम घाट के पास दो तेज रफ्तार कंटेनरों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस टक्कर की चपेट में आकर रास्ते से गुजर रही एक टाटा मैजिक गाड़ी भी चकनाचूर हो गई। हादसे में कुल तीन लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि निवाली की तरफ से आ रहा एक कंटेनर (MP 09 G 3280) और सामने से आ रहे हरियाणा पासिंग ट्रक (HR 59 F 91394) में कम घाट के पास भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कंटेनर सड़क पर पलटने की हालत में आ गए और पीछे से आ रही टाटा मैजिक भी इनसे टकरा गई। हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और तुरंत पुलिस को खबर दी। तीन लोग गंभीर रूप से घायल, बड़वानी रेफर पानसेमल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को गाड़ियों से बाहर निकाला। घायलों में धार जिले के पिपरिया पानी बाग के रहने वाले 29 साल के सुखलाल के साथ अक्षय और फैजान शामिल हैं। तीनों को पहले पानसेमल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें बड़वानी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। खतरनाक मोड़ पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग पुलिस ने क्रेन की मदद से गाड़ियों को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया और दोनों कंटेनरों को जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि कम घाट का यह मोड़ बहुत खतरनाक है और यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर और साइन बोर्ड लगाने की मांग की है।