Friday, 10 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बेमेतरा के बेरला में शाला प्रवेश उत्सव:डिप्टी सीएम अरुण साव ने बच्चों का किया स्वागत; करोड़ों के विकास कार्यों की घोषणा

INT News10 July 2026 at 09:38 pm

बेमेतरा के बेरला मंडी प्रांगण में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नए बच्चों का स्वागत किया, कक्षा 9वीं की छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल बांटी और बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद विजय बघेल, विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। पौधरोपण से हुई कार्यक्रम की शुरुआत कार्यक्रम की शुरुआत "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण से हुई। इसके बाद मां सरस्वती और भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम शुरू किया गया। नए विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। उन्हें मुफ्त किताबें और पढ़ाई की सामग्री भी दी गई। इस दौरान कक्षा 9वीं की छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल बांटी गई। साथ ही जिले के होनहार विद्यार्थियों और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। स्टेडियम और गौरव पथ के लिए करोड़ों की घोषणा विधायक दीपेश साहू ने बेरला क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगें उपमुख्यमंत्री के सामने रखीं। इस पर उपमुख्यमंत्री ने 50 लाख रुपए की लागत से स्टेडियम, 10 लाख रुपए से आहाता निर्माण और नगर पंचायत बेरला में 2 करोड़ रुपए की लागत से गौरव पथ बनाने की घोषणा की। इसके बाद उपमुख्यमंत्री भीमभौरी पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय शिक्षक तुलाराम परगनिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने किसान सामुदायिक भवन और नए शासकीय महाविद्यालय भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। भीमभौरी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जल आवर्धन योजना के तहत हर घर तक पानी पहुंचाने के लिए 4 करोड़ रुपए और अन्य विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। पीएम आवास की चाबी और सहायता राशि के चेक बांटे गए कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को घर की चाबी और राशन कार्ड दिए गए। नए विद्यार्थियों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र भी बांटे गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की योजना के तहत एक महिला हितग्राही को 80 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक दिया गया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, खेल और विकास के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है, ताकि प्रदेश का समग्र विकास हो सके।