समाचार · मध्य प्रदेश
'इंदौर की नकल नहीं, गुना को बेहतर गुना बनाना है':CMO बोले- वहां कंक्रीट के जंगल, मध्यप्रदेश में सबसे महंगा पानी भी वहीं
लोग मुझसे मजाक में पूछते हैं। कुछ लोग ताना भी मारते हैं कि साहब आप इंदौर से आए हैं, तो गुना को इंदौर कब बना रहे हैं। मैं उनसे हाथ जोड़कर निवेदन करता हूं कि गुना को इंदौर मत बनाओ। इंदौर की अपनी समस्याएं हैं। आपका शहर बहुत ही हरा भरा शहर है। इंदौर में आपको कंक्रीट का जंगल दिखता है। यह बात गुना नगरपालिका CMO शैलेश अवस्थी ने CCI पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में कही। इसका वीडियो अब सामने आया है। शुक्रवार को CCI पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यहां जिले का सबसे बड़ा तिरंगा लगा हुआ है। कुछ महीनों पहले तिरंगा खराब होने के कारण उतार लिया गया था। शुक्रवार को यहां नया तिरंगा लगाया गया। कार्यक्रम में CMO शैलेश अवस्थी ने कहा कि किसी की कॉपी नहीं करनी है। गुना को इंदौर जैसा बनाने पर उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का सबसे महंगा पानी इंदौर में है। ट्रैफिक की समस्या सबसे ज्यादा इंदौर में है। तो मेरा उनसे यही निवेदन होता है कि हमें कॉपी नहीं करनी किसी की। इंदौर बेहतर इंदौर बने और गुना बेहतर गुना बने। इसी में हम सभी लोगों को सफलता है। ‘CMO के लिए पूरा शहर ही ऑफिस’
CMO ने आगे कहा कि कुछ लोगों ने कहा कि आप ऑफिस में कम मिलते हैं और फील्ड पर ज्यादा मिलते हैं। CMO के लिए पूरा शहर ही ऑफिस है। केवल ऑफिस में रहेंगे तो सच्चाई से रूबरू नहीं हो पाएंगे। नगरपालिका के सामने स्टाफ और फंड का बड़ा चैलेंज है। क्योंकि बिना आर्थिक संसाधन के कोई बड़ा काम हो पाना आज के समय में मुश्किल है। उन्होंने कहा कि कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। कुछ नई तकनीकों का इस्तेमाल भी करेंगे। झांसी में एक मित्र ने नए तरीके से पौधे लगाना शुरू किया है। उस तकनीक का नाम है मियाबाकी फोरेस्टेशन। इसमें बहुत कम जगह में कई पेड़ लगाए जाते हैं। यह जापान की तकनीक है। ऐसा ही कुछ हम भी ट्राय कर सकते हैं। सब लोग साथ मिलकर काम करेंगे, तो गुना को बहुत आगे ले जा सकते हैं।