समाचार · मध्य प्रदेश
न्यू बैंक एन्क्लेव कॉलोनाइजर पर आम रास्ता बेचने का आरोप:रहवासियों ने नगर निगम जनसुनवाई में शिकायत की, रास्ता बंद होने की आशंका
ग्वालियर नगर निगम की जनसुनवाई में न्यू बैंक एन्क्लेव के रहवासियों ने कॉलोनाइजर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रहवासियों का कहना है कि कॉलोनाइजर आम रास्ते को प्लॉट बताकर बेचने का प्रयास कर रहा है, जिससे उनकी आवाजाही प्रभावित होगी और भविष्य में बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है। नगर निगम आयुक्त को दिए आवेदन में बताया गया है कि यह आम रास्ता बैंक कॉलोनी के मकान नंबर 36 से 46 के बीच स्थित है। रहवासियों ने आरोप लगाया है कि न्यू बैंक एन्क्लेव के कॉलोनाइजर इस मार्ग को मंगलम ग्रीन मल्टी कॉलोनी की ओर दिखाते हुए अवैध रूप से बेचने और अतिक्रमण करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने 16 जून 2026 को भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। रहवासियों ने यह भी बताया कि इस आम रास्ते पर अतिक्रमण के पिछले प्रयासों को नगर निगम ने पहले भी रोका था। इसके बावजूद, अब दोबारा इस रास्ते को निजी उपयोग में लेने का प्रयास किया जा रहा है। आवेदन में कहा गया है कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए सार्वजनिक आवागमन का एक महत्वपूर्ण साधन है। शिकायतकर्ताओं ने सड़क बंद होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि लगभग दो साल पहले इस संबंध में मिली परमिशन को रद्द कर दिया गया था। बी और सी ब्लॉक के रहवासियों ने नगर निगम से पूरे मामले की गहन जांच करने, आम रास्ते को सुरक्षित रखने और किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। निगम अधिकारियों ने इस मामले में जांच का आश्वासन दिया है।