समाचार · मध्य प्रदेश
मैहर में नशे के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन:SDM-TI को ज्ञापन सौंपा, हाथ में तख्तियां लेकर महिलाएं हुईं शामिल
मैहर जिले के अमरपाटन स्थित ग्राम भीष्मपुर में मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने एसडीएम और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर गांव को नशामुक्त करने की मांग की। ग्रामीणों ने रामनगर रोड स्थित बाबा साहब की प्रतिमा के पास से पदयात्रा निकाली। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर गांव में कथित रूप से बिक रहे मादक पदार्थों पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने एसडीएम डॉ. आरती सिंह और थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गांव में कथित तौर पर चल रहे शराब, गांजा, कोरेक्स सहित अन्य मादक पदार्थों की बिक्री और अवैध पैकारी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। नशे से समाजिक विवाद बढ़ रहे ग्रामीणों ने बताया कि 16 अगस्त को ग्राम पंचायत भीष्मपुर में एक विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई थी। इसमें सर्वसम्मति से पंचायत क्षेत्र को नशामुक्त बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि नशे के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और अन्य ग्रामीणों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है, जिससे सामाजिक विवाद भी बढ़ रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा गांव को पूर्ण रूप से नशामुक्त घोषित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।