Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शिवपुरी जनसुनवाई में ग्रामीणों ने बताईं समस्याएं:राशन, आवास, शराब और पानी की समस्या लेकर कलेक्टर के पास पहुंचे

INT News11 August 2026 at 05:08 pm

शिवपुरी जिला मुख्यालय पर मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने राशन वितरण, प्रधानमंत्री आवास, अवैध शराब बिक्री, पंचायत निर्माण कार्यों में अनियमितता और पेयजल जैसी समस्याओं को लेकर अधिकारियों के समक्ष शिकायतें दर्ज कराईं। ग्रामीणों ने पूर्व में दिए गए आवेदनों पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से मामलों की दोबारा जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। कोलारस क्षेत्र के ग्राम दीघोद के ग्रामीणों ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान के सेल्समैन मुनेश जाटव और दिलीप जाटव पर चार माह से राशन वितरित न करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में शिकायत के बाद तहसीलदार और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने गांव में जांच की थी। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान उनसे कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए गए और दुकान के महीने में केवल तीन दिन खुलने की रिपोर्ट तैयार कर दी गई। उन्होंने अपनी उपस्थिति में दोबारा जांच कराने और चार माह का बकाया राशन दिलाने की मांग की। शिवपुरी निवासी सरवती वर्मा ने कलेक्टर से अपने इलाज के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में जमा राशि में से 2 लाख रुपये दिलाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि पिछले दो-तीन महीनों से उनका इलाज चल रहा है, जिस पर काफी खर्च हो चुका है। सरवती वर्मा ने आरोप लगाया कि बैंक प्रबंधन से कई बार आग्रह करने के बावजूद उन्हें इलाज के लिए राशि नहीं दी जा रही है। करैरा तहसील के ग्राम सिरसौद के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में अनियमितताओं का आरोप लगाया। शिकायत में कहा गया कि सर्वेयर प्रीति लोधी और रोजगार सहायक दिनेश नागर ने पैसे लेकर गलत तरीके से सर्वे किया, जिससे पात्र लोगों के नाम सूची से बाहर हो गए। ग्रामीणों ने रोजगार सहायक पर अपने परिवार के कई सदस्यों के नाम सूची में शामिल कराने का भी आरोप लगाया। उन्होंने पुराने सर्वे को रद्द कर दोबारा सर्वे कराने और जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई की मांग की। बरौदी में कच्ची शराब की बिक्री बंद कराने की मांग शिवपुरी शहर के वार्ड नंबर 16 बरौदी आदिवासी मोहल्ले के लोगों ने मोहल्ले में कच्ची शराब की कथित बिक्री से परेशान होने की शिकायत की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा दिन-रात शराब बेची जाती है, जिसके चलते मोहल्ले में आने वाले लोग गाली-गलौज करते हैं और इसका बच्चों पर भी गलत असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पूर्व में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की बात कहते हुए जल्द शराब बिक्री बंद कराने की मांग की। सावोली पंचायत में निर्माण कार्यों में गड़बड़ी और धमकी का आरोप नरवर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सावोली में निर्माण कार्यों में अनियमितता की शिकायत भी जनसुनवाई में पहुंची। शिकायतकर्ता कृपाल सिंह सोलंकी ने बताया कि पूर्व में की गई शिकायत की जांच के दौरान कई निर्माण कार्य मौके पर नहीं मिले थे और इसका उल्लेख जांच प्रतिवेदन में भी किया गया है। इसके बावजूद रिकवरी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया। शिकायतकर्ता ने पंचायत सचिव पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने और झूठे मामले में फंसाने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने शासकीय राशि की रिकवरी, जिम्मेदारों पर कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की। 50-60 परिवारों के लिए एक किलोमीटर दूर से पानी करैरा तहसील के ग्राम आलमपुर मट पपरोडू के ग्रामीणों ने नल-जल योजना के तहत पेयजल व्यवस्था कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में करीब 50-60 परिवार रहते हैं, लेकिन उन्हें पानी के लिए करीब एक किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। सरपंच-सचिव को सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जल्द नल-जल योजना के तहत पानी की व्यवस्था कराने की मांग की।