Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

रायगढ़ में बदहाल सफाई व्यवस्था का पार्षदों ने लगाया आरोप:नियमित कचरा उठाव की मांग की, कांग्रेस पार्षदो ने आयुक्त को सौंपा आवेदन

INT News22 July 2026 at 02:51 pm

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस के पार्षदों ने निगम आयुक्त से मुलाकात की। जहां उन्होंने बदहाल सफाई व्यवस्था व नियमित कचरे का उठाव नहीं होने का आरोप लगाया है। साथ ही डेंगू व मलेरिया के रोकथाम के लिए दवा छिड़काव व फॉगिंग करने की मांग को लेकर आयुक्त को आयुक्त को आवेदन सौंपा है। नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया व अन्य कांग्रेस के पार्षदों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया है कि वर्तमान में शहर के अधिकांश वार्डों में नियमित कचरा उठाव नहीं हो रहा है। नालियों की समय पर सफाई नहीं किए जाने के कारण बारिश के दौरान गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। अनेक स्थानों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और कई मोहल्लों व घरों में भी पानी घुस रहा है। उन्होंने ज्ञापन में कहा कि यह स्थिति नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर गभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि होने के कारण स्थानीय लोगों की हर दिन की यह शिकायत है। कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि अगर जल्द ही इन विषयों पर उचित कदम नहीं उठाया जाता है तो आंदोलन किया जाएगा।

दव छिड़काव और फॉगिंग नहीं कराया जा रहा

इसके अलावा कांग्रेस पार्षदों ने अपने आवेदन में बताया कि पिछले कई महीनों से मच्छरों की रोकथाम के लिए मैलाथियान दवा का छिड़काव व नियमित फॉगिंग का काम भी प्रभावी रूप से नहीं कराया गया है। जिसके कारण शहर में मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में शहर में डेंगू के मरीज भी सामने आ चुके हैं। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस पार्षदों की यह रही मांग

1. नगर निगम के सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए।

2. सभी छोटी-बड़ी नालियों की युद्धस्तर पर सफाई कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए।

3. जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर लोगों को राहत प्रदान की जाए।

4. पूरे नगर निगम क्षेत्र में मैलाथियान दवा का छिड़काव व नियमित फॉगिंग अभियान तत्काल प्रारंभ किया जाए।

5. डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी नियंत्रण अभियान चलाया जाए।