Sunday, 5 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

IIM में सरकार के प्रशिक्षण पर कांग्रेस का तंज:ढाई साल में एक भी ऐसी योजना नहीं बनाई, जिस पर छात्र रिसर्च करें,17 योजनाएं बंद कीं, 20 का सिर्फ नाम बदला

INT News5 July 2026 at 09:07 pm

IIM रायपुर में आयोजित राज्य सरकार के चिंतन शिविर को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा कि पिछले ढाई साल में सरकार ने ऐसी कोई नई योजना शुरू नहीं की, जिस पर IIM जैसे संस्थानों के छात्र और प्रोफेसर शोध कर सकें। इसके बजाय पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की 17 योजनाएं बंद कर दी गईं और 20 योजनाओं का सिर्फ नाम बदलकर जारी रखा गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का कहना है कि पूर्व कांग्रेस सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं की नीति आयोग ने भी सराहना की थी। देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि और शिक्षण संस्थानों के शोधार्थी इन योजनाओं का अध्ययन करने छत्तीसगढ़ आते थे। मौजूदा सरकार के पास प्रदेश के विकास का कोई स्पष्ट विजन या रोडमैप नहीं है। तीसरे चिंतन शिविर पर सवाल कांग्रेस ने कहा कि यह भाजपा सरकार का तीसरा चिंतन शिविर है। सवाल यह है कि इससे पहले हुए दो चिंतन शिविरों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों से सरकार ने क्या सीखा और उसे जमीन पर क्यों नहीं उतारा। पार्टी का आरोप है कि प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर हुई है, वित्तीय स्थिति बिगड़ी है और जनता स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार तथा सुरक्षा जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। 'नई परियोजना नहीं, कर्ज बढ़ा' कांग्रेस का दावा है कि पिछले ढाई साल में सरकार हर महीने 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का कर्ज ले रही है, जबकि कोई बड़ी विकास परियोजना शुरू नहीं हुई। चुनावी वादे भी पूरे नहीं किए गए हैं, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ी है। युवाओं, किसानों और महिलाओं से किए वादे पूरे नहीं हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने, शिक्षकों की भर्ती करने, किसानों और महिलाओं से किए गए वादे निभाने में असफल रही है। पार्टी के मुताबिक, प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति भी लगातार बिगड़ी है और सरकार अब चिंतन शिविर के जरिए अपनी विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रही है। 'फेयरवेल की तैयारी करे सरकार' कांग्रेस ने कहा कि ढाई साल के कार्यकाल में सरकार अलोकप्रिय हो चुकी है और जनता बदलाव का मन बना चुकी है। पार्टी ने दावा किया कि सरकार का यह चिंतन शिविर जनता की नाराजगी को देखते हुए आयोजित किया गया है और अब उसे अपने "फेयरवेल" की तैयारी करनी चाहिए।