समाचार · झारखंड
रांची स्टेशन पर ऑटोवाले से बात कर रही थी मां, इधर 4 साल का बच्चा हो गया लापता

रांची रेलवे स्टेशन के एस्केलेटर के पास से चार वर्षीय बच्चा रहस्यमय हालात में लापता हो गया. घटना गुरुवार की सुबह करीब 8.15 से 8.30 बजे के बीच हुई. अगवा हुए बच्चे की पहचान छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित महामाया पारा निवासी विवान कुमार के रूप में हुई है. उसकी मां दिलमेत राजवाड़े (40) ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें अज्ञात व्यक्ति पर बच्चे के अपहरण की आशंका जतायी गयी है. पुलिस को दिये आवेदन में महिला ने बताया है कि पति के शराब पीकर मारपीट और विवाद करने से परेशान होकर वह 19 सितंबर को अपनी छह वर्षीया बेटी प्रिंसी कुमारी और चार वर्षीय बेटे विवान के साथ घर से निकल गयी थी.
हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने युवक के साथ दिखा बच्चा
स्टेशन परिसर और आसपास लगे 100 से भी अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गये हैं. जिसमें में एक संदिग्ध हाफ पैंट और टी-शर्ट पहना हुआ युवक मासूम विवान को साथ ले जाता दिख रहा है. उसके आसपास चार-पांच अन्य संदिग्ध युवक भी घूमते नजर आ रहे हैं. पुलिस को अंदेशा है कि घटना के पीछे कोई संगठित बच्चा चोर गिरोह शामिल हो सकता है, जिसने योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया. वह पहले सेलम गयी और वहां से छत्तीसगढ़ लौटने के लिए 24 सितंबर को ट्रेन से रांची पहुंची. महिला के अनुसार, रांची स्टेशन पहुंचने के बाद उसने दोनों बच्चों और सामान को एस्केलेटर के पास रखा था. इसके बाद वह अंबिकापुर जानेवाली बस के बारे में ऑटो चालकों से पूछताछ करने लगी. इसी दौरान विवान वहां से गायब हो गया. काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला. मामले में एसएसपी राकेश रंजन ने एसआइटी का गठन किया है. सिटी एसपी के निर्देशन और सिटी डीएसपी केवी रमन के नेतृत्व में बनी इस टीम में तीन इंस्पेक्टर, आधे दर्जन से अधिक दारोगा और स्पेशल टेक्निकल टीम को लगाया गया है.
पुलिस ने जारी किया हुलिया
विवान का चेहरा चौड़ा, रंग सांवला, बाल काले और छोटे हैं. सिर के बीच में पुराने घाव के कारण बाल उड़े हुए हैं. उसकी लंबाई करीब तीन फीट है. वह आसमानी रंग की चेकदार हाफ शर्ट और सफेद रंग की चेकदार हाफ पैंट पहने हुए था.
ये भी पढ़ें: Gumla : इंटर की पढ़ाई पूरी कर घर लौटी थी, अगले दिन घर में मिली मृत
ये भी पढ़ें- Jharkhand Weather: झारखंड में भारी बारिश का कहर, 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, खरकई नदी खतरे के निशान से ऊपर