Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

अमृतसर में पुलिस-मुठभेड़ से पहले स्पीकर से दी चेतावनी:नहीं माने बदमाश, तो हुई फायरिंग, 3 शूटर घायल; चार काबू, 5 पिस्तौल बरामद

INT News26 September 2026 at 08:47 am

अमृतसर में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस ने केशव शिवाला गैंग से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 विदेशी पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल के अनुसार, पुलिस को आरोपियों के संबंध में पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद छेहरटा थाने के एसएचओ बलविंदर सिंह की अगुवाई में इलाके में नाकाबंदी की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने सबसे पहले विशाल नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से .30 बोर की ग्लॉक पिस्तौल बरामद हुई। पूछताछ में थांदा रोड पर छिपे साथियों का पता पूछताछ के दौरान विशाल ने पुलिस को बताया कि उसके कुछ साथी थांदा रोड के पास झाड़ियों और जंगलनुमा इलाके में छिपे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी किसी टारगेट किलिंग को अंजाम देने की तैयारी में थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी कर ली। तीन घायल, चौथा आरोपी भी गिरफ्तार पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए आरोपियों को सरेंडर करने की अपील की। पुलिस के मुताबिक, इसके बावजूद आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग के दौरान चार आरोपियों में से तीन के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने चारों को काबू कर लिया। घायल आरोपियों की पहचान फिरोजपुर निवासी छिंदा पहलवान, फरीदकोट निवासी शिवम उर्फ शिवा और अमृतसर निवासी लवकेश के रूप में हुई है। चौथे आरोपी राजविंदर, निवासी अमृतसर, को भी गिरफ्तार किया गया है। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। 5 विदेशी पिस्तौल और 20 कारतूस बरामद पुलिस के अनुसार, आरोपियों से कुल 5 पिस्तौल बरामद हुई हैं। इनमें 2 ग्लॉक और 3 बेरेटा पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा 20 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल ने बताया कि ऑपरेशन डीसीपी इन्वेस्टिगेशन प्रभजोत सिंह, डीसीपी सिटी तेजा साहिब और एडीसीपी सिटी-2 की निगरानी में चलाया गया। हथियारों की सप्लाई चेन और आरोपियों से जुड़े अन्य ठिकानों की जांच के लिए फिरोजपुर और फरीदकोट समेत पड़ोसी जिलों में भी टीमें भेजी गई हैं। कमिश्नर गिल ने युवाओं से अपील की कि विदेशों में बैठे गैंगस्टरों के बहकावे में न आएं और अपराध की राह छोड़कर सरेंडर करें। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।