Wednesday, 21 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

राम ने तीर मारकर रावण का वध किया:राजगढ़ में 200 से अधिक किरदारों के साथ निकला चल समारोह, 30 हजार से ज्यादा लोग देखने पहुंचे

INT News20 October 2026 at 11:12 pm

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में मंगलवार को विजयादशमी पर ऐतिहासिक दशहरा चल समारोह निकाला गया। इसे देखने के लिए पटवा बाजार से सोमवारिया स्थित दशहरा मैदान तक 30 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे। चल समारोह में रावण, कुंभकरण और मेघनाद सहित 200 से अधिक पौराणिक और फिल्मी किरदार आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, भगवान श्रीराम की सेना में हनुमानजी और अंगद समेत 50 से ज्यादा पात्र शामिल हुए। देखें तस्वीरें… पटवा बाजार से निकला चल समारोह नगर परिषद के सहयोग से बजरंग समिति ने शाम 5 बजे चल समारोह की शुरुआत की। इससे पहले खिलचीपुर राजपरिवार के प्रियव्रत सिंह, विधायक हजारीलाल दांगी और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना की। इसके बाद समारोह पटवा बाजार से रवाना हुआ। चल समारोह में भगवान श्रीराम और रावण के अलग-अलग रूपों के साथ आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। रावण, कुंभकरण और मेघनाद जैसे पौराणिक पात्रों के साथ फिल्मी किरदारों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। श्रीराम की सेना के रूप में सजे हनुमानजी, अंगद और अन्य पात्र भी शामिल हुए। पूर्व विधायक प्रियव्रत सिंह, विधायक हजारीलाल दांगी, नगर परिषद के जनप्रतिनिधि और शहरवासी भी समारोह के साथ रहे। बाजार से दशहरा मैदान तक रही भीड़ चल समारोह पटवा बाजार, पैलेस रोड और सराफा बाजार से होते हुए सुभाष चौक और तोपखाना गेट पहुंचा। यहां से सोमवारिया स्थित दशहरा मैदान में प्रवेश किया। पूरे रास्ते और मैदान में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मेन मार्केट में भीड़ इतनी थी कि लोगों को चलने तक की जगह नहीं मिल रही थी। राम-रावण युद्ध के बाद हुआ पुतले का दहन दशहरा मैदान में चबूतरे पर राम-रावण युद्ध का मंचन किया गया। इसके बाद भगवान श्रीराम ने तीर चलाकर रावण का वध किया। पुतले के दहन के साथ रंग-बिरंगी आतिशबाजी शुरू हुई। रावण के दस सिर एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फूटे। इस दौरान मैदान तालियों और जयकारों से गूंज उठा। एसपी और टीआई परिवार के साथ पहुंचे कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। एसपी अमित तोलानी अपने परिवार के साथ दशहरा देखने पहुंचे। खिलचीपुर थाना प्रभारी कमल सिंह गहलोत भी परिवार के साथ मौजूद रहे। एसडीओपी धर्मवीर नागर भी आयोजन में पहुंचे। पुलिसकर्मी मैदान में भीड़ को व्यवस्थित रखने में जुटे रहे। जिलेभर में प्रसिद्ध है खिलचीपुर का दशहरा खिलचीपुर का दशहरा अपनी ऐतिहासिक परंपरा और भव्य चल समारोह के लिए जिलेभर में प्रसिद्ध है। हर साल शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंचते हैं। इस बार भी राम-रावण युद्ध और आतिशबाजी आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे।