समाचार · छत्तीसगढ़
दशहरा देखकर लौट रहे ग्रामीणों से भरा ट्रैक्टर पलटा:बेमेतरा में साल्हेघोरी गांव के पास हादसा, 8 गंभीर, 40-50 लोग थे सवार, इलाज जारी
बेमेतरा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में दशहरा महोत्सव देखकर घर लौट रहे ग्रामीणों से भरा ट्रैक्टर अचानक पलट गया। हादसा साल्हेघोरी गांव के पास हुआ। ट्रैक्टर में करीब 40 से 50 लोग सवार थे। दुर्घटना में दर्जनभर से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नवागढ़ में विजयादशमी के अवसर पर दशहरा महोत्सव आयोजित किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। कार्यक्रम देखने के बाद ग्रामीण ट्रैक्टर से अपने घर लौट रहे थे। दशहरा देखकर ट्रैक्टर से लौट रहे थे ग्रामीण इसी दौरान साल्हेघोरी गांव के पास ट्रैक्टर अचानक पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर में सवार कई लोगों को चोटें आईं। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों का इलाज जारी हादसे के बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पताल में इलाज व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ मरीजों को बेडशीट तक नहीं मिल पाई। घटना की सूचना मिलने के बाद नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने वहां मौजूद रहकर स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारणों की जांच जारी फिलहाल ट्रैक्टर पलटने की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायलों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।