Wednesday, 21 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

दहकते अंगारों पर चलेंगे भक्त; कांटों पर लेटकर पूरी करेंगे मन्नत, झारखंड के इस गांव की 150 साल पुरानी परंपरा

INT News20 October 2026 at 11:12 pm

सरायकेला: प्रखंड के मुरुप गांव में 22 अक्टूबर को एकादशी पर आस्था और हठभक्ति का अनूठा दृश्य देखने को मिलेगा. श्री शुभनाथ (दुर्गा) मंदिर में श्रद्धालु दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर मां के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करेंगे, वहीं मन्नत पूरी होने पर महिला-पुरुष श्रद्धालु कंटीली झाड़ियों पर लेटकर अनुष्ठान करेंगे. वर्ष 1876 से चली आ रही यह परंपरा आज भी गांव की धार्मिक पहचान बनी हुई है.

यहां के मुख्य देहुरी कुथलु प्रधान ने बताया कि मां दुर्गा की जीवंत प्रतिमा की पूजा जिउतिया पर्व से शुरू होती है, जो लगातार 16 दिनों तक चलती है. दशमी के बाद एकादशी को विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. श्रद्धालु स्थानीय जलाशय से जल लाकर पूजा करेंगे और दंडी पाठ करते हुए मंदिर पहुंचेंगे. कई परिवार सुख-शांति, समृद्धि और मनोकामना पूर्ति के लिए अपने घरों में भी पूजा कराएंगे.

20 फीट का अग्निकुंड बनेगा मुख्य आकर्षण

गांव के 80 वर्षीय बुजुर्ग श्रद्धालु सीतानाथ प्रधान ने बताया कि मंदिर परिसर में मां पाऊड़ी के समक्ष करीब 20 फीट लंबा और दो फीट चौड़ा अग्निकुंड तैयार किया जाएगा. अग्निदेव की पूजा के बाद श्रद्धालु दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर परंपरा निभाएंगे. मन्नत पूरी होने पर कंटीली झाड़ियों पर लेटकर अनुष्ठान करने की परंपरा भी यहां प्रचलित है. आयोजन को देखने के लिए आसपास के गांवों और पड़ोसी जिलों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.

मन्नत पूरी होने पर मां के दरबार में पहुंचते हैं भक्त

मंदिर के पुजारी पंडित रामनाथ होता ने बताया कि श्रद्धालुओं की मां के प्रति गहरी आस्था है. यदुनंदन होता ने कहा कि भक्त कठिन अनुष्ठान के माध्यम से अपनी श्रद्धा और विश्वास प्रकट करते हैं. गौर दास के अनुसार, मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचकर अनुष्ठान करते हैं. मुख्य देहुरी कुथलु प्रधान ने बताया कि श्रद्धालु मां का आशीर्वाद लेकर मनोकामना पूरी होने पर आभार जताते हैं.

आस्था का अनोखा दृश्य

मुरुप निवासी हेमसागर प्रधान ने बताया कि दहकते अंगारों पर चलना और कंटीली झाड़ियों पर लेटकर अनुष्ठान करना इस आयोजन को विशिष्ट पहचान देता है. श्रद्धालुओं के लिए यह केवल परंपरा नहीं, बल्कि मां दुर्गा के प्रति अटूट आस्था और मन्नत से जुड़ा धार्मिक अनुष्ठान है.

आयोजन की तैयारियां तेज

आयोजन को लेकर श्री शुभनाथ समिति, मुरुप ने तैयारियां तेज कर दी हैं. समिति के आनंद प्रमाणिक ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए युवा स्वयंसेवक तैनात रहेंगे. तैयारियों में सीतानाथ प्रधान, प्रफुल प्रधान, भैरब प्रधान, मणि प्रधान, ठाकुर प्रधान, सुरेश प्रधान, अजीत प्रधान, आनंद प्रमाणिक, रुद्र प्रधान, मनोरंजन प्रधान, वीरेश प्रमाणिक, रंजीत प्रधान और भवानी शंकर प्रधान समेत अन्य ग्रामीण जुटे हैं.