Wednesday, 21 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

सूरत में हमले में घायल झारखंड के मजदूर की मौत, 12 दिन इलाज के बाद घर लाते समय रास्ते में तोड़ा दम

INT News20 October 2026 at 11:15 pm

आनंदपुर: प्रखंड के सारंगा गांव निवासी बसलेन कछुवा (45) की गुजरात के सूरत में कथित तौर पर मजदूर दलाल के हमले में घायल होने के बाद मौत हो गयी. आपसी विवाद के दौरान उनके सिर पर लकड़ी से हमला किया गया था. करीब 12 दिनों तक अस्पताल में इलाज चलने के बाद चिकित्सकों ने परिजनों को उन्हें घर ले जाने की सलाह दी. इसके बाद एंबुलेंस से आनंदपुर लाने के दौरान सोमवार को रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी.

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण शव लेकर आनंदपुर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी. आनंदपुर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम चक्रधरपुर में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. मामले में आनंदपुर थाना में जीरो एफआईआर दर्ज की गयी है. पुलिस के अनुसार, बुधवार को सूरत पुलिस के आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.

मजदूरी के लिए सूरत गया था बसलेन

मृतक के भाई पीकू कछुवा ने बताया कि सारंगा गांव का मुन्ना लोहार मजदूरों को काम के लिए बाहर ले जाता है. उसी के साथ बसलेन गुजरात के सूरत गये थे, जहां वह मछली पालन का काम करते थे. पीकू के अनुसार, सात अक्टूबर की शाम किसी बात को लेकर मुन्ना और बसलेन के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि इसी दौरान मुन्ना ने लकड़ी से बसलेन के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये.

इसके बाद बसलेन को अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिजनों के अनुसार, अस्पताल में उनकी चोट गिरने से लगने की बात बतायी गयी. इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गयी. स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल की ओर से परिजनों को सूचना दी गयी.

आइसीयू में भी नहीं सुधरी हालत

सूचना मिलने के बाद 16 अक्टूबर को बसलेन की पत्नी और बेटा सूरत पहुंचे. उस समय उन्हें आइसीयू में भर्ती कराया गया था. वहां भी उनकी हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने परिजनों को उन्हें घर ले जाने की सलाह दी. परिजन एंबुलेंस से उन्हें आनंदपुर ला रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.