Wednesday, 21 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जबलपुर में 5 राज्यों के 150 पुलिसकर्मियों का स्वागत:नशामुक्ति का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली, 31 अक्टूबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर होगा समापन

INT News20 October 2026 at 10:53 pm

जबलपुर में मंगलवार को राष्ट्रीय बाइक रैली में शामिल पांच राज्यों के पुलिसकर्मियों का जगह-जगह स्वागत किया गया। छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार से आए करीब 150 बाइक राइडर्स नशामुक्ति का संदेश लेकर शहर पहुंचे। रांझी सीएसपी सतीश साहू ने रैली में शामिल पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद महात्मा गांधी संस्थान केंद्र से रवाना हुई रैली आधारताल तिराहा, रद्दी चौकी और घमापुर चौक होते हुए सामुदायिक भवन पहुंची। यहां पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज की मौजूदगी में रैली के प्रतिभागियों का सम्मान किया गया। नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना उद्देश्य सीएसपी सतीश साहू ने कहा कि यह रैली केवल सड़कों पर चलने का आयोजन नहीं है, बल्कि नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने और स्वस्थ, सुरक्षित व नशामुक्त समाज बनाने की पहल है। नशा एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसके कारण युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य खो देते हैं। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। 31 अक्टूबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर होगा समापन राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित नेशनल मोटरसाइकिल रैली में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पुलिस बल, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिभागी शामिल हैं। रैली का समापन 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में होगा। ‘नशा छोड़ो, परिवार जोड़ो’ का संदेश रैली के दौरान ‘नशामुक्त भारत, स्वस्थ भारत’, ‘नशे को ना, जिंदगी को हां’, ‘नशा छोड़ो, परिवार जोड़ो’ और ‘सड़क सुरक्षा अपनाएं, नशे से दूर रहें’ जैसे नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया गया। आयोजन में युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मिलकर काम करने पर भी जोर दिया गया। जबलपुर पुलिस ने रैली में शामिल सभी राज्यों के पुलिसकर्मियों का स्वागत करते हुए लोगों से नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की। बुधवार, 21 अक्टूबर को करीब 150 बाइक राइडर्स आधारताल स्थित महात्मा गांधी संस्थान केंद्र से रैली लेकर भोपाल के लिए रवाना होंगे।