समाचार · मध्य प्रदेश
भिंड में युवती ने स्कूटी रुकवाई, अचानक तालाब में कूदी:भाई के साथ बाजार जा रही थी, पुलिस और एसडीआरएफ खोज रही
भिंड शहर के गौरी तालाब में शनिवार शाम करीब 6 बजे 23 वर्षीय युवती ने छलांग लगा दी। युवती अपने भाई के साथ स्कूटी से बाजार जा रही थी। इसी दौरान शनि मंदिर के पास उसने स्कूटी रुकवाई और अचानक तालाब में कूद गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती की तलाश के लिए बचाव अभियान शुरू कराया। खबर लिखे जाने तक युवती का पता नहीं चल सका था। जानकारी के अनुसार, सीतानगर निवासी अंजलि बघेल (23) शनिवार शाम अपने भाई के साथ स्कूटी से बाजार जा रही थी। भाई स्कूटी चला रहा था। दोनों बीटीआई से होते हुए गौरी तालाब के पास शनि मंदिर पहुंचे। तभी अंजलि ने भाई से स्कूटी रुकवाई और अचानक तालाब में छलांग लगा दी। भाई कुछ समझ पाता, इससे पहले ही वह पानी में चली गई। युवती की तलाश की जा रही घटना के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और युवती की तलाश शुरू कराई। बचाव अभियान के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को भी बुलाया गया। करीब एक घंटे तक तलाश किए जाने के बावजूद युवती का पता नहीं चल सका। मौके पर मौजूद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था। युवती के भाई का कहना है कि उसे समझ नहीं आया कि बहन ने अचानक स्कूटी क्यों रुकवाई। इसके बाद वह तालाब में कूद गई। युवती ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने बताया कि युवती की तलाश के लिए एसडीआरएफ की मदद ली जा रही है। परिजन से भी बातचीत की जाएगी और पूरे मामले की जांच की जाएगी।