Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

Explainer: अनंत सिंह को JDU ने क्यों दिखाया बाहर का रास्ता? चुनावी बगावत से नीतीश पर बयान तक, समझिए पूरी कहानी

INT News24 October 2026 at 09:50 pm

Bihar Political Analysis बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के खिलाफ जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासित करने के साथ उनकी प्राथमिक सदस्यता भी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी है. इसके साथ ही जेडीयू ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से संविधान की दसवीं अनुसूची के प्रावधानों के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश भी की है. वहीं, पार्टी ने अनंत सिंह की पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को भी छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है. सूत्रों का कहना है कि अनंत सिंह पर कार्रवाई से ठीक पहले केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के कुछ ही देर बाद पार्टी ने अनंत सिंह के निष्कासन का आदेश जारी कर दिया. सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा एक वीडियो भी बड़ी तेजी से वायरल हो रह है.वायरल वीडियो को लेकर बिहार के राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात और कार्रवाई के समय को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो गई हैं.

पार्टी ने अनंत सिंह पर क्यों की कार्रवाई?

जेडीयू सूत्रों का कहना है कि अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित करने का फैसला पहले ही लिया जा चुका था. पार्टी उचित समय का इंतजार कर रही थी. बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान के अगले दिन पार्टी ने उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी. पार्टी की ओर से इस कार्रवाई के पीछे अनुशासनहीनता को प्रमुख वजह बताया जा रहा है.

दरअसल, अनंत सिंह पर आरोप है कि उन्होंने बिहार विधान परिषद चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार किया. उन्होंने जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का खुलकर समर्थन किया, उनके नामांकन के दौरान रोड शो किया और चुनाव प्रचार में भी हिस्सा लिया. पार्टी नेतृत्व ने इसे संगठनात्मक अनुशासन के खिलाफ माना.

हालांकि, पार्टी के भीतर अनंत सिंह को लेकर नाराजगी की वजह केवल चुनाव में विरोधी उम्मीदवार का समर्थन करना ही नहीं मानी जा रही है. सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर अनंत सिंह के 'नौ मर्डर' वाले बयान को भी पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से लिया. इस बयान के वायरल होने के बाद अनंत सिंह ने सफाई देते हुए अपनी बात स्पष्ट करने की कोशिश की थी. इसके बावजूद पार्टी के भीतर इस बयान को लेकर असहजता बनी हुई थी.

इसके अलावा, अनंत सिंह लगातार जेडीयू के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार और पार्टी के अन्य नेताओं पर भी निशाना साध रहे थे. इससे पार्टी के अंदर मतभेद और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे थे.

बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें..

ललन सिंह को भरोसे में लेकर लिया फैसला?

अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई से पहले नीतीश कुमार और ललन सिंह की मुलाकात को इस पूरे घटनाक्रम में अहम माना जा रहा है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, अनंत सिंह के खिलाफ कदम उठाने से पहले नेतृत्व ने ललन सिंह से बातचीत की, ताकि फैसले को लेकर पार्टी के भीतर किसी तरह की बड़ी असहमति सामने न आए.

मुलाकात के दौरान और उसके बाद के घटनाक्रम को लेकर भी चर्चा हो रही है. बताया जा रहा है कि ललन सिंह नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे थे. मुलाकात के बाद नीतीश कुमार के उन्हें छोड़ने जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हालांकि, इस मुलाकात में क्या बातचीत हुई और इसका अनंत सिंह पर कार्रवाई से कितना सीधा संबंध था, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

Also Read  2019 में सियासी टक्कर, 2024 में साथ और 2026 में मध्यस्थता; ललन सिंह-अनंत सिंह के रिश्तों की पूरी कहानी

ललन सिंह और अनंत सिंह के बीच क्या है राजनीतिक समीकरण?

अनंत सिंह और ललन सिंह के बीच लंबे समय से राजनीतिक समीकरण की चर्चा होती रही है. मोकामा विधायक अनंत सिंह के जेल जाने के बाद हुए विधानसभा चुनाव में ललन सिंह ने उनके समर्थन में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभाली थी. मोकामा क्षेत्र मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां से ललन सिंह सांसद चुने गए हैं। इस क्षेत्रीय और राजनीतिक समीकरण के कारण दोनों नेताओं के बीच नजदीकी की चर्चा होती रही है.

इससे पहले अनंत सिंह और जेडीयू नेता नीरज कुमार के बीच विवाद के दौरान भी ललन सिंह के रुख को लेकर राजनीतिक चर्चाएं हुई थीं. ऐसे में अनंत सिंह के खिलाफ पार्टी की कार्रवाई से पहले नीतीश कुमार और ललन सिंह की मुलाकात को कई राजनीतिक मायनों में देखा जा रहा है.

फिलहाल, जेडीयू के इस फैसले के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि अनंत सिंह के खिलाफ पार्टी की कार्रवाई का बिहार की राजनीति और संगठन के अंदरूनी समीकरणों पर क्या असर पड़ेगा. वहीं, विधानसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश पर आगे क्या निर्णय होता है, इस पर भी सबकी नजर रहेगी.

Also Read Analysis: नीरज कुमार vs अनंत सिंह की सियासी जंग से किसका बढ़ेगा दबदबा?