समाचार · मध्य प्रदेश
NH-43 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन युवक घायल:कटनी में बाइक सवार युवकों की हालत गंभीर, टक्कर मारकर चालक फरार
कटनी के बड़वारा थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 9 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़वारा में भर्ती कराया गया है। विलायत कला पेट्रोल पंप के पास हादसा घटना विलायत कला पेट्रोल पंप के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक विलायत कला गांव से चंदिया की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि वे बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे। तीनों युवक सेमडारी गांव के निवासी घायलों की पहचान चंदिया थाना क्षेत्र के सेमडारी गांव निवासी राम कोल, अमित कोल और बदल गोटिया के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।