Wednesday, 21 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

राजस्थान में दो बाइकों की टक्कर के बाद लगी भीषण आग, 3 युवक जिंदा जले

INT News20 October 2026 at 07:39 pm

राजस्थान के सिरोही जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में तलवार नाका के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गईं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

दो युवकों की मौके पर मौत, तीसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम

इस भीषण हादसे में 2 युवकों की की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल एक अन्य युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. दुर्घटना में चौथा युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसकी हालत नाजुक बताई गई है. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की जानकारी मिलते ही गिरवर चौकी से पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा. पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. तीनों मृतकों के शव अस्पताल में रखवाए गए हैं. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच जारी

सहायक उपनिरीक्षक रामनाथ के मुताबिक, पुलिस मृतकों की पहचान करने और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है. शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और टक्कर के बाद आग कैसे लगी, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

ये भी पढ़ें: Video: जायंट व्हील पर बैठते ही शख्स बोला Wow, फिर 20 सेकंड में बाद जो हुआ, वीडियो देख नहीं रुकेगी हंसी