समाचार · मध्य प्रदेश
28 सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण
सीहोर| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश के साथ सीहोर जिले में भी 7 अगस्त से 8 जनवरी 2027 तक मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शुरू हो गया है। अभियान के शुभारंभ पर श्यामपुर में जिला स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम एवं जन-शिविर आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर बालागुरू के., एसपी सोनाक्षी सक्सेना, जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जनपद सीईओ नमिता बघेल ने बताया कि शिविर में पेंशन के 2 तथा जॉबकार्ड का 1 आवेदन प्राप्त हुआ, जिनका तत्काल निराकरण कराया गया। इसके अलावा सीहोर जनपद के 28 सीएम हेल्पलाइन प्रकरण भी मौके पर हल किए गए। शिविर में बिजली विभाग का 1, पंचायती राज से जुड़े लोक सेवा गारंटी के 68, स्वास्थ्य विभाग के 177, राजस्व विभाग के 1300, तहसीलदार स्तर के 55, समग्र आईडी के 5 तथा आयुष्मान योजना का 1 आवेदन प्राप्त हुआ। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।