समाचार · मध्य प्रदेश
मंडी में ट्रॉली से उपज तौलने के फैसले का विरोध:2000 से अधिक हम्मालों ने एसडीएम को दिया ज्ञापन
नीमच कृषि उपज मंडी में उपज तौल व्यवस्था को लेकर विवाद सामने आया है। मंडी समिति के एक निर्णय के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में हम्माल कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम पराग जैन को ज्ञापन सौंपा। वाहन-ट्रॉली से तौल के फैसले का विरोध हम्मालों ने बताया कि मंडी समिति ने सभी उपज की तौल केवल वाहनों और ट्रॉलियों में करने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि इससे करीब 2,000 से 2,500 हम्मालों और उनके परिवारों पर आर्थिक असर पड़ेगा। हम्मालों के अनुसार, मंडी में 1,000 से अधिक पंजीकृत हम्माल हैं और परिवारों सहित करीब 15 हजार लोग इससे प्रभावित हो सकते हैं। हम्माल प्रतिनिधियों ने कहा कि वाहनों और ट्रॉलियों में उपज की नीलामी बड़े तौल कांटे पर की जा सकती है। हालांकि, जो किसान या व्यापारी ढेरी लगाकर उपज की तौल कराना चाहते हैं, उन्हें इसकी अनुमति दी जाए। उनका कहना है कि इससे हम्मालों को रोजगार मिलता रहेगा और किसान, व्यापारी व हम्माल सभी के हितों का संतुलन बना रहेगा। एसडीएम ने दिया उचित निर्देश का आश्वासन ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम पराग जैन ने हम्मालों की बात सुनी। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसान, व्यापारी और हम्माल सहित सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि हम्मालों को भी काम करने का अवसर मिल सके।